एसपी चीफ ने महंगाई और जलभराव पर साधा निशाना, सुल्तानपुर मामले में जताई नाराजगी
लखनऊ : विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी ने युवाओं और छात्रों के बीच अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने का संकेत दिया है।मंगलवार को लखनऊ स्थित सपा प्रदेश मुख्यालय में समाजवादी छात्र सभा की बैठक में कार्यकर्ता नीली टी-शर्ट, नीली जींस और लाल टोपी में नजर आए। इससे पहले छात्र सभा के कार्यकर्ता लाल टी-शर्ट और सफेद पैंट में दिखाई देते थे। बैठक को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने संबोधित किया। नए ड्रेस कोड पर उन्होंने कहा, “नई पीढ़ी की नई सोच होती है, इसलिए नई यूनिफॉर्म है। यूनिफॉर्म यूनीफॉर्मिटी लाती है।” उन्होंने नीले रंग को विचार और बहुजन समाज से जोड़ते हुए कहा कि नीला रंग बहुजन समाज के साथ रहा है और ब्लू कलर विचारधारा का भी प्रतीक है।
समाज में जितना सौहार्द होगा, उतना ही भविष्य बेहतर..

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि PDA प्रोग्रेसिव और अफर्मेटिव एक्शन के लिए जाना जाता है। इसके साथ ही पीड़ित, दुखी और अपमानित लोगों को जोड़ने के लिए भी काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि समाज में जितना सौहार्द होगा, उतना ही भविष्य बेहतर होगा और लोकतंत्र तथा बाबा साहब का संविधान भी यही रास्ता दिखाता है। छात्र सभा की बैठक में अखिलेश यादव ने भाजपा पर नई पीढ़ी को दिशाभ्रमित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव लोकतंत्र बचाने का चुनाव होगा। उन्होंने शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरा और कहा कि भाजपा सरकार में शिक्षा और रोजगार के रास्ते बंद किए गए हैं।उन्होंने किसानों की स्थिति और युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया। अखिलेश ने दावा किया कि समाजवादी सरकार के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के क्षेत्र में कई काम हुए, जबकि भाजपा सरकार के पास गिनाने के लिए पर्याप्त उपलब्धियां नहीं हैं।
महंगाई और जलभराव पर BJP पर तंज
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने महंगाई और रोजगार को लेकर भी भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार के पास महंगाई रोकने और नौकरी देने की कोई व्यवस्था नहीं है। उन्होंने बारिश और जलभराव को लेकर भी भाजपा शासित राज्यों पर निशाना साधते हुए कहा, “जहां-जहां बीजेपी है वहां-वहां पानी भर रहा है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा से सावधान रहने और PDA का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी विचारधारा नई पीढ़ी के विकास में सहायक हो सकती है और लोकतंत्र तथा धर्मनिरपेक्षता का रास्ता समाजवाद का रास्ता है।
सुल्तानपुर मामले पर भी अखिलेश ने जताई नाराजगी

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सुल्तानपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आयोजन को लेकर सामने आए विवाद पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ वर्चस्ववादी लोगों ने आयोजन में बाधा डालकर पूजा-अर्चना में व्यवधान पैदा किया। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली घटनाएं निंदनीय हैं।
टॉपर छात्र-छात्राओं को बांटे लैपटॉप
इसी दौरान अखिलेश यादव ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में सफल टॉपर छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देकर सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में रायबरेली की सरेनी विधानसभा क्षेत्र से जुड़े पार्टी नेता और जिलाध्यक्ष मौजूद रहे। सपा की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 10 छात्र-छात्राओं को लैपटॉप दिए गए।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
