बरेली : यूपी के बरेली देहात के आंवला-अतरछेड़ी मार्ग पर डरुआपुर गांव के पास रपटा पुल पार करने के दौरान सोमवार रात उफनती अरिल नदी में बाइक समेत बहे तीन युवकों में से दो के शव मंगलवार को बरामद कर लिए गए हैं, जबकि तीसरे युवक की तलाश जारी है। हादसे में बिशारतगंज पुराना बाजार वार्ड नंबर एक निवासी प्रेम मौर्य, नितिन मौर्य और बिशन स्वरूप मौर्य नदी की तेज धारा में बह गए थे। मंगलवार को रेस्क्यू अभियान के दौरान प्रेम मौर्य और बिशन स्वरूप मौर्य के शव बरामद कर लिए गए। हादसे में बह गई बाइक भी पहले ही नदी से मिल चुकी है। सीओ आंवला ने “The justice Hindi” को बताया कि तीसरे की तलाश जारी है।
नितिन मौर्य की तलाश जारी
तीसरे युवक नितिन मौर्य का अभी तक पता नहीं चल सका है और पुलिस व राहत-बचाव टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। बताया गया कि सोमवार को बारिश के बाद अरिल नदी का जलस्तर बढ़ गया था और डरुआपुर के पास रपटा पुल के ऊपर करीब डेढ़ फुट पानी बह रहा था। इसके बावजूद तीनों युवक बाइक से पुल पार करने निकल पड़े।
ग्रामीणों ने तेज बहाव और फिसलन को देख की थी रोकने की कोशिश
ग्रामीणों ने तेज बहाव और फिसलन को देखते हुए उन्हें कई बार रोकने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल के बीच पहुंचते ही बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और तीनों युवक बाइक समेत तेज धारा में बह गए। हादसे की सूचना मिलते ही बिशारतगंज और आंवला थाना पुलिस मौके पर पहुंची।इसके बाद एसडीआरएफ और फ्लड पीएसी की टीमों को भी रेस्क्यू अभियान में लगाया गया। इस घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य समेत अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान का जायजा लिया। नदी के तेज बहाव के बीच अब भी लापता नितिन मौर्य की तलाश जारी है।
