बरेली : शहर के कैंट थाना क्षेत्र में पुलिस नियमित गश्त कर रही था। इसी दौरान पुलिस टीम के सामने अचानक हालात तनावपूर्ण हो गए। बिशप कॉनरॉड स्कूल के पास लोगों की भीड़ देखकर पुलिस रुकी, तो वहां मौजूद महिलाओं ने बताया कि एक युवक कार में नशे की हालत में हंगामा कर रहा है, और लोगों से बदसलूकी कर रहा है।
पुलिस के पहुंचते ही भागने की कोशिश
पुलिस टीम ने जैसे ही युवक से बात करने की कोशिश की, उसने बिना देर किए गाड़ी दौड़ा दी। तेज रफ्तार में भागते हुए वह वीआई बाजार की ओर निकल गया। पीछा करते हुए पुलिस ने उसे एक जगह घेर लिया, जहां अतिरिक्त पुलिस टीम भी पहुंच गई।
घिरते ही अचानक किया खतरनाक वार
जब आरोपी को लगा कि अब बचना मुश्किल है, तो उसने बेहद खतरनाक कदम उठाया। उसने कार सीधे पुलिस कर्मियों की ओर मोड़ दी, और जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में एक दारोगा और एक सिपाही घायल हो गए, जबकि उनकी बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पहचान के बाद दबिश, सरेंडर की तैयारी
जांच के दौरान कार के रजिस्ट्रेशन से मालिक की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस आरोपी तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। स्थानीय जानकारी के मुताबिक, कार चला रहा युवक सेवानिवृत्त सिपाही का बेटा है। इंस्पेक्टर कैंट संजय धीर ने बताया कि पुलिस ने उसके घर पर दबिश दी थी, लेकिन वह वहां नहीं मिला। बताया जा रहा है कि आरोपी ने कोर्ट में आत्मसमर्पण की अर्जी दे दी है, जबकि पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही है।
