शिमला से नेपाल जा रही बस धनेटा रेलवे फाटक के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घुसी, दो मासूम बच्चों समेत तीन की हालत गंभीर, हादसे के बाद ट्रक चालक फरार
बरेली : दीपावली का त्योहार मनाने को हिमाचल प्रदेश के शिमला से अपने घर नेपाल लौट रहे मजदूरों की खुशियां रास्ते में भीषण सड़क हादसे के बाद मातम में बदल गईं। मंगलवार तड़के बरेली देहात के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में धनेटा रेलवे फाटक के पास नेपाल जा रही यात्रियों से भरी बस सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख -पुकार मच गई। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि करीब 20 से 25 लोग घायल हो गए। घायलों में दो मासूम बच्चों समेत तीन यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश के शिमला में मजदूरी करने वाले नेपाली श्रमिक दीपावली का त्योहार मनाने के लिए बस से अपने गांव लौट रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे बस फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में धनेटा रेलवे फाटक के पास पहुंची। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक से बस की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के अंदर बैठे यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और कई यात्री घायल हो गए।
चीख-पुकार सुनकर मदद को पहुंचे ग्रामीण
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई। हालांकि, दोपहर तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। वहीं, गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों को बेहतर उपचार की आवश्यकता बताई गई है।
जेसीबी से हटवाए गए क्षतिग्रस्त वाहन
दुर्घटना के बाद सड़क पर क्षतिग्रस्त बस और ट्रक के कारण यातायात प्रभावित हो गया।पुलिस ने जेसीबी की मदद से दोनों वाहनों को सड़क से हटवाया। इसके बाद यातायात सुचारू कराया जा सका। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
दीपावली मनाने घर लौट रहे थे मजदूर
जिला अस्पताल में भर्ती घायलों ने बताया कि वे हिमाचल प्रदेश के शिमला में सेब के बाग में मजदूरी करते हैं। दीपावली का त्योहार अपने परिवार के साथ मनाने के लिए नेपाल स्थित अपने गांव लौट रहे थे। उन्हें उम्मीद थी कि जल्द ही अपने परिवार के बीच पहुंच जाएंगे, लेकिन बरेली में हुए इस हादसे ने उनकी यात्रा को दर्दनाक बना दिया। हादसे की खबर से उनके परिजनों में भी चिंता और दुख का माहौल है।
सीओ हाईवे ने दी हादसे की जानकारी
सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया गया। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि घायलों का उपचार कराया जा रहा है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
