संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग का लगाया आरोप, बोले- सत्ता जाने के डर से भाजपा ने पार की नाइंसाफी की हदें
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर संविधान विरोधी और गैरकानूनी कार्य करने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ बदले की भावना से कार्रवाई कर रही है और संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर लोकतंत्र की हत्या कर रही है। सत्ता जाने के डर से भाजपा ने नाइंसाफी और क्रूरता की सारी हदें पार कर दी हैं।अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा नकारात्मक सोच वाली झूठी और बेईमान पार्टी है, जो चोरी और बेईमानी के सहारे सत्ता में बने रहना चाहती है।उन्होंने कहा कि भाजपा बिना बेईमानी के चुनाव नहीं जीत सकती। प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है। सरकारी विभागों और कार्यों में लूट मची हुई है, जिससे किसान, नौजवान, व्यापारी और महिलाएं परेशान हैं।
यूपी में बदलाव का दावा,जनता भाजपा को देगी सजा
सपा अध्यक्ष ने विधान परिषद चुनाव के नतीजों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के क्षेत्र में भी भाजपा को दोहरी हार का सामना करना पड़ा है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रही है और चुनाव की घोषणा होते ही भाजपा की हार तय हो जाएगी। प्रदेश में बदलाव की शुरुआत हो चुकी है और जनता भाजपा को उसके कार्यों की सजा देगी।
PDA से 95% हिंदुस्तान का उत्थान
इस बीच अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर भी बदलाव और पीडीए के मुद्दे को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, ‘होकर रहेगा अब बदलाव, सड़कों पर उमड़ा सैलाब!’ एक अन्य पोस्ट में उन्होंने पीडीए के कल्याण को देश की 95 प्रतिशत आबादी के उत्थान से जोड़ते हुए लिखा, ‘पीडीए का कल्याण मतलब 95 प्रतिशत हिंदुस्तान का उत्थान!’ उन्होंने जुल्म के खिलाफ खड़े होने और पीडीए प्रहरियों के समर्थन में भी टिप्पणी की।अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सामाजिक न्याय के राज की स्थापना होगी और अन्याय का अंत किया जाएगा। किसानों के हित में नीतियां बनाई जाएंगी तथा सभी को न्याय और सम्मान देने का काम होगा।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
