बरेली : मोहर्रम की दसवीं तारीख (10 वें मोहर्रम) के मद्देनजर शहर में कानून-व्यवस्था और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए 26 जून 2026 को सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक विशेष ट्रैफिक डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी, जबकि विभिन्न रूटों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
झुमका तिराहा, मिनी बाईपास और सेटेलाइट रूट पर रहेगा प्रतिबंध
डायवर्जन के तहत झुमका तिराहे से मिनी बाईपास की ओर सभी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के वाहन ट्यूलिया अंडरपास के रास्ते आवागमन करेंगे। वहीं इन्वर्टिस तिराहे से सेटेलाइट बस स्टेशन की ओर भी सभी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। बसें और अन्य वाहन विलयधाम-बैरियर-2 मार्ग से सेटेलाइट तक पहुंच सकेंगे।
दिल्ली, रामपुर और बदायूं जाने वाले वाहनों के लिए बदले रूट
दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर की ओर से आने वाले वाहन विल्वा पुल, इज्जतनगर, डेलापीर, विलयधाम और बैरियर-2 होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे। वहीं बरेली से दिल्ली, नैनीताल, पीलीभीत और शाहजहांपुर जाने वाले वाहनों को भी इसी वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करना होगा। बदायूं जाने वाले भारी वाहन डेलापीर,विलयधाम,फरीदपुर और बुखारा मोड़ से होकर गुजरेंगे, जबकि बुखारा मोड़ से बरेली की ओर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
रेलवे स्टेशन और शहर के प्रमुख मार्गों पर रहेगा सामान्य आवागमन
सेटेलाइट बस स्टेशन से इसाइयों की पुलिया, मालियों की पुलिया और बियावान कोठी की ओर वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। वहीं गांधी उद्यान, डेलापीर और श्यामतगंज पुल के रास्ते रेलवे स्टेशन तक पहुंचा जा सकेगा। इज्जतनगर तिराहे से कुदेशिया पुल, महादेव पुल और किला क्षेत्र की ओर भी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। हालांकि रेलवे स्टेशन, चौकी चौराहा, गांधी उद्यान, डेलापीर, बैरियर-2 और विलयधाम मार्ग पर सामान्य दिनों की तरह यातायात संचालित होता रहेगा। प्रशासन ने नागरिकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और यात्रा से पहले निर्धारित रूट की जानकारी लेने की अपील की है।
