प्राचीन गुलेश्वरनाथ मंदिर के पास हुई घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, विवाद की वजह और युवकों की पहचान स्पष्ट नहीं; पुलिस जांच में जुटी
पीलीभीत : जिले के बीसलपुर में आयोजित ऐतिहासिक रामलीला मेले के दौरान छात्रों के दो गुटों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों गुटों के युवक एक-दूसरे पर बेल्ट और लात-घूंसों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। मारपीट के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान करने में जुटी है।
रामलीला मैदान में भिड़े छात्रों के दो गुट
जानकारी के मुताबिक, घटना बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के रामलीला मैदान में प्राचीन गुलेश्वरनाथ मंदिर के पास की बताई जा रही है। दावा किया जा रहा है कि मारपीट शनिवार शाम करीब सात बजे हुई। बताया गया कि मेले में पहुंचे छात्रों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के युवक आमने-सामने आ गए। इसके बाद बेल्ट और लात-घूंसों से मारपीट शुरू हो गई। अचानक हुई घटना से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने मोबाइल से मारपीट का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
वायरल वीडियो के आधार पर पहचान में जुटी पुलिस
वायरल वीडियो में युवक एक-दूसरे पर बेल्ट से हमला करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, अभी तक मारपीट की वजह और इसमें शामिल युवकों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के बाद मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। थाना बीसलपुर पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद घटना में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर: ऋतिक द्विवेदी | पीलीभीत
