फतेहगंज पश्चिमी के मोहल्ला अंसारी का मामला, मौत से पहले वीडियो में पत्नी पर लगाए गंभीर आरोप, पुलिस वायरल वीडियो की भी कर रही जांच
बरेली : यूपी के बरेली जिले के फतेहगंज पश्चिमी कस्बे में हुसैनी मस्जिद के मुअज्जिन अब्दुल कादिर की आग से झुलसने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद अब उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह इलाज के दौरान अपनी पत्नी को अपनी हालत के लिए जिम्मेदार बताते दिखाई दे रहे हैं।वीडियो सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस वायरल वीडियो को जांच का हिस्सा बनाकर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। जानकारी के अनुसार, फतेहगंज पश्चिमी के मोहल्ला अंसारी निवासी अब्दुल कादिर मंगलवार को आग की चपेट में आ गए थे। इस घटना के बाद वह आग की लपटों में घिरे हुए गली में दौड़ते नजर आए। आसपास के लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। यहां बुधवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
जांच में जुटी पुलिस
इस घटना के बाद पहले एक फोटो वायरल हुई थी। इसमें अब्दुल कादिर आग की लपटों के बीच गली में दौड़ते दिखाई दे रहे थे। अब उनकी मौत से पहले का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में वह अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपनी हालत के लिए उसे जिम्मेदार ठहराते दिखाई दे रहे हैं। मृतक के दो बच्चे बताए जा रहे हैं। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसे जांच में शामिल कर लिया है।
साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई
अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता, घटना के कारणों और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस सभी साक्ष्यों के आधार पर घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।
