बरेली : यूपी के बरेली देहात की बहेड़ी क्षेत्र स्थित मुड़िया टोल प्लाजा पर रविवार सुबह ऑनलाइन टोल भुगतान को लेकर कार सवारों और टोल कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।जिससे टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए कार सवार लोगों को पूछताछ के लिए थाने भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।जानकारी के अनुसार, कार सवारों की गाड़ी का फास्टैग काम नहीं कर रहा था। इस पर टोल कर्मचारियों ने उन्हें ऑनलाइन माध्यम से टोल शुल्क जमा करने के लिए कहा।
गुस्से में टोल पर दौड़ाई कार
कार सवारों ने ऑनलाइन भुगतान कर दिया, लेकिन बताया जाता है कि भुगतान के बाद किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान कार सवारों और टोल कर्मचारियों के बीच हाथापाई हुई। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन कुछ देर तक टोल प्लाजा पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। घटना के कारण वाहनों की आवाजाही भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुई। गुस्से में कार सवार ने कार को दौड़ा लिया। इससे बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस ने संभाली स्थिति
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। इसके बाद कार सवार लोगों को पूछताछ के लिए थाने भेजा गया। पुलिस दोनों पक्षों से घटना की जानकारी जुटा रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों से तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।मुड़िया टोल प्लाजा के मैनेजर धनंजय ने मीडिया को बताया कि फास्टैग काम नहीं करने पर कार सवारों से ऑनलाइन भुगतान कराया गया था। भुगतान के बाद किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया और कुछ लोगों ने टोल कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट कर दी।
निष्पक्ष जांच का भरोसा
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई और टोल प्लाजा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
