बरेली : महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय (MJPRU) प्रशासन ने सत्र 2026-27 के लिए अंतर -महाविद्यालय खेल प्रतियोगिताओं का प्रोविजनल कैलेंडर जारी कर दिया है।विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद की ओर से तैयार किए गए कैलेंडर में विभिन्न खेलों की कुल 57 प्रतियोगिताओं के आयोजन की जिम्मेदारी संबंधित महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसर को सौंपी गई है। पुरुष और महिला दोनों वर्गों की प्रतियोगिताओं को इसमें शामिल किया गया है।विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार,खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से बरेली मंडल समेत आसपास के जिलों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलेगा। संबंधित कॉलेजों को खेलों की मेजबानी की जिम्मेदारी देने के साथ प्रतियोगिताओं की तैयारियां शुरू करने की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
बरेली कॉलेज को कराटे, पावरलिफ्टिंग और वेटलिफ्टिंग की जिम्मेदारी
विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूची के अनुसार बरेली कॉलेज को पुरुष एवं महिला वर्ग में कराटे, पावरलिफ्टिंग और वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिताओं की मेजबानी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं विश्वविद्यालय परिसर में एथलेटिक्स, सेपक टकरा, टेबल टेनिस, वुडबॉल, योग और पुरुष वर्ग की बास्केटबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। महाराजा अग्रसेन कॉलेज, बरेली को क्रिकेट और टेनिस प्रतियोगिताओं के आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा जेपीएम कॉलेज, बरेली में कबड्डी और खो-खो, अवंती बाई कॉलेज में नेटबॉल तथा उत्कर्ष कॉलेज में बैडमिंटन प्रतियोगिता कराई जाएगी।
महिला खिलाड़ियों के लिए भी कई प्रतियोगिताएं
खेल कैलेंडर में महिला खिलाड़ियों के लिए भी कई खेल प्रतियोगिताओं को शामिल किया गया है। केसीएमटी, बरेली को महिला बास्केटबॉल के साथ हैंडबॉल, हॉकी और महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं की मेजबानी की जिम्मेदारी दी गई है।वहीं निहाल श्याम कॉलेज, बरेली में जिम्नास्टिक, एसआरएएस महिला कॉलेज में टेबल टेनिस और योग तथा गंगाशील कॉलेज, नवाबगंज में पुरुष वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित होगी।
दूसरे जिलों के कॉलेजों को भी मिली जिम्मेदारी
विश्वविद्यालय ने बरेली के अलावा आसपास के जिलों के कॉलेजों को भी विभिन्न खेलों की मेजबानी सौंपी है। ठाकुर रोशन सिंह कैंपस राजकीय कॉलेज, कटरा, शाहजहांपुर को चेस और शूटिंग, जीएफ कॉलेज, शाहजहांपुर को फुटबॉल तथा एनएमएसएन दास कॉलेज, बदायूं को बॉक्सिंग और जूडो प्रतियोगिता की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह कांस्टीट्यूएंट कॉलेज, सहसवान, बदायूं में तीरंदाजी, गन्ना उत्पादक कॉलेज, बह़ेड़ी में क्रॉस कंट्री और राजकीय कॉलेज, बिल्सी, बदायूं में कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित कराई जाएगी।
जल्द घोषित होंगी अंतिम तिथियां
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि जारी किया गया कैलेंडर फिलहाल प्रोविजनल है। एआईयू के स्पोर्ट्स कैलेंडर के अनुसार संबंधित महाविद्यालयों से वार्ता के बाद प्रतियोगिताओं की अंतिम तिथियां जल्द घोषित की जाएंगी।
