छिनैती के 2 आरोपी दबोचे, तमंचा-कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद
बरेली : यूपी के बरेली देहात की मीरगंज थाना पुलिस ने छिनैती की एक घटना का खुलासा कर दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। उसको उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, छिनैती के 9,500 रुपये, वारदात में इस्तेमाल बाइक और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 की रात करीब 9:30 बजे मीरगंज थाना क्षेत्र के रम्पुरा जाटान निवासी श्री निर्देव कुमार बाइक से जनसेवा केंद्र से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान दुलीराम इंटर कॉलेज के पास मोड़ पर पीछे से बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे और उनके कंधे से बैग झपटकर फरार हो गए। बैग में रुपये बताए गए थे। घटना की सूचना पर थाना मीरगंज में FIR संख्या 374/2026, धारा 304 BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक 2 सितंबर, 2026 की रात मीरगंज पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बलूपुरा चौराहे के पास दो बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों संदिग्धों की घेराबंदी शुरू की।पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की और भागने का प्रयास किया। जवाबी आत्मरक्षार्थ पुलिस की फायरिंग में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद घायल बदमाश समेत उसके एक साथी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों आरोपियों की पहचान अशोक और विक्की के रूप
पुलिस के अनुसार घायल आरोपी की पहचान रवि उम्र 26 वर्ष, निवासी मोहल्ला शिवपुरी, थाना मीरगंज, बरेली के रूप में हुई है, जबकि दूसरे आरोपी की पहचान विक्की, उम्र 19 वर्ष, निवासी मोहल्ला मालीपुरा, थाना मीरगंज, बरेली के रूप में हुई।पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस के सामने 29 जुलाई को दुलीराम इंटर कॉलेज के पास हुई छिनैती की घटना में शामिल होना स्वीकार किया, ऐसा पुलिस का कहना है।
9,500 रुपये और तमंचा बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस 315 बोर, मुकदमे से संबंधित 9,500 रुपये, घटना में प्रयुक्त बाइक और एक मोबाइल फोन बरामद करने का दावा किया है। गोली लगने से घायल आरोपी रवि को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों आरोपी पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहे हैं या नहीं और उनके साथ घटना में कोई अन्य साथी भी शामिल था या नहीं।
पुलिस मुठभेड़ का अलग मुकदमा होगा दर्ज
पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ के संबंध में अलग से अभियोग पंजीकृत करने की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। CO मीरगंज अजय कुमार ने मामले में पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी के संबंध में जानकारी दी है।
