रिश्तेदारी के कारण परिवारों ने किया था विरोध, खेत में बेहोश मिले दोनों, युवती की मौके पर और युवक की अस्पताल में मौत
बरेली: भोजीपुरा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक प्रेमी युगल की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई।शादी की इच्छा पूरी न होने और परिवारों के विरोध से परेशान प्रेमी युगल ने कथित तौर पर आत्मघाती कदम उठा लिया। युवती की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि युवक ने इलाज के दौरान निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, सीबीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की 18 वर्षीय युवती का भोजीपुरा क्षेत्र निवासी 21 वर्षीय युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच रिश्तेदारी होने के कारण परिवारों ने विवाह का विरोध किया था। इसी वजह से दोनों मानसिक तनाव में थे।
दोनों के खेत में मिले शव
परिजनों के मुताबिक शनिवार सुबह युवती युवक के घर पहुंची थी। इसके बाद दोनों गांव के पास खेतों की ओर चले गए। कुछ समय बाद उनकी हालत बिगड़ने की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक युवती की मौत हो चुकी थी। युवक को गंभीर हालत में बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर भोजीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हर पहलू पर शुरू की जांच
अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सूत्रों के अनुसार युवक के खिलाफ पहले से एक दुष्कर्म का मुकदमा भी दर्ज है। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों और परिस्थितियों की गहनता से पड़ताल कर रही है।
इस घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है, वहीं क्षेत्र में भी मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
