एमआरपी से ज्यादा कीमत वसूलने पर होगी कार्रवाई,पहचान गोपनीय रखकर टोल फ्री नंबर 0581-2422202 पर दर्ज करा सकेंगे शिकायत
बरेली : शराब की दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत यानी ओवररेटिंग की शिकायतों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कैंप कार्यालय में इस संबंध में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में डीएम ने आबकारी विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर शराब की बिक्री न होने दी जाए।
ओवररेटिंग मिली, तो विक्रेता और संचालक पर कार्रवाई
डीएम ने निर्देश दिए कि शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग पाए जाने की स्थिति में संबंधित विक्रेता और दुकान संचालक के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही आबकारी अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र में भ्रमण करने और दुकानों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने कहा कि आकस्मिक निरीक्षण बढ़ाए जाएं और प्रवर्तन अभियान को और तेज किया जाए, ताकि शराब की निर्धारित कीमत से अधिक वसूली पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। आमजन से मिलने वाली शिकायतों का भी तत्काल संज्ञान लेकर उनका निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पहचान गोपनीय रखकर कर सकेंगे शिकायत
आम लोगों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन की ओर से टोल फ्री शिकायत नंबर 0581 -2422202 जारी किया गया है। यदि किसी शराब की दुकान पर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूली जाती है तो व्यक्ति इस नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकता है। प्रशासन के अनुसार, शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। प्राप्त शिकायतों पर आबकारी विभाग द्वारा त्वरित संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों को लगातार निगरानी के निर्देश
समीक्षा बैठक में डीएम ने आबकारी विभाग के अधिकारियों को शराब की दुकानों पर लगातार निगरानी रखने और प्रवर्तन कार्रवाई प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। प्रशासन का उद्देश्य ओवररेटिंग की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई कर उपभोक्ताओं को निर्धारित मूल्य पर ही शराब उपलब्ध कराना है।बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर सहित आबकारी विभाग के समस्त अधिकारी मौजूद रहे।
