2 सितंबर से 25 नवंबर तक हर बुधवार लालकुआं से होगी रवाना, वापसी में साबरमती से हर गुरुवार चलेगी, कुल 13 फेरे
बरेली : यात्रियों की अतिरिक्त सुविधा को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) ने लालकुआं -साबरमती-लालकुआं साप्ताहिक विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। ट्रेन संख्या 05344 /05343 का संचालन 2 सितंबर से 26 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। इस ट्रेन के संचालन से बरेली, बदायूं, कासगंज, मथुरा, जयपुर, अजमेर और गुजरात की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
हर बुधवार लालकुआं से चलेगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 05344 लालकुआं-साबरमती साप्ताहिक विशेष गाड़ी 2 सितंबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को लालकुआं से दोपहर 1:35 बजे रवाना होगी। ट्रेन किच्छा, बहेड़ी, भोजीपुरा, इज्जतनगर, बरेली सिटी, बरेली, बदायूं, कासगंज, हाथरस सिटी, मथुरा, भरतपुर, बांदीकुई, दौसा, जयपुर, किशनगढ़, अजमेर,आबू रोड, पालनपुर और महेसाणा होते हुए अगले दिन सुबह 11:05 बजे साबरमती पहुंचेगी।
बरेली से इन समयों पर मिलेगी ट्रेन
लालकुआं से चलने वाली ट्रेन बहेड़ी से 2:17 बजे, भोजीपुरा से 2:40 बजे, इज्जतनगर से 2:57 बजे, बरेली सिटी से 3:15 बजे और बरेली जंक्शन से 3:27 बजे रवाना होगी। इसके बाद ट्रेन बदायूं से 4:02 बजे और कासगंज से 5:15 बजे आगे के लिए रवाना होगी।
वापसी में साबरमती से हर गुरुवार
वापसी में ट्रेन संख्या 05343 साबरमती-लालकुआं साप्ताहिक विशेष गाड़ी 3 सितंबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को साबरमती से शाम 4 बजे रवाना होगी। ट्रेन अगले दिन बरेली जंक्शन पर 11:45 बजे, बरेली सिटी पर 12 बजे, इज्जतनगर पर 12:17 बजे, भोजीपुरा पर 12:34 बजे, बहेड़ी पर 12:57 बजे और किच्छा से 1:25 बजे रवाना होकर दोपहर 2:20 बजे लालकुआं पहुंचेगी।
20 कोच के साथ चलेगी स्पेशल ट्रेन
इस विशेष ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 2 एसएलआरडी, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी, 11 शयनयान श्रेणी, 2 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी और 1 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का कोच शामिल है। रेलवे के मुताबिक ट्रेन का संचालन कुल 13 फेरों के लिए किया जाएगा।
स्कूली बच्चों को शिक्षा अदालत से दिया रेल संरक्षा का पाठ
इधर,पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने रेल दुर्घटनाओं से बचाव और जनजागरूकता बढ़ाने के लिए ‘शिक्षा अदालत’ के माध्यम से स्कूली बच्चों को रेल संरक्षा के प्रति जागरूक किया।मकरंदपुर-बदायूं रेलखंड पर स्थित दो प्राथमिक विद्यालयों में संरक्षा सलाहकारों ने विद्यार्थियों को रेलवे ट्रैक और समपार फाटक से जुड़े सुरक्षा नियमों की जानकारी दी। बच्चों को अनधिकृत स्थान से रेलवे ट्रैक पार नहीं करने और केवल अधिकृत रेलवे क्रॉसिंग या निर्धारित मार्ग का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई। समपार फाटक बंद होने पर गेटमैन पर फाटक खोलने के लिए दबाव नहीं डालने की भी अपील की गई।
बच्चों को दी सलाह
रेलवे की ओर से बच्चों को ट्रैक, विद्युत पोल और ओएचई उपकरणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, रेलवे लाइन के आसपास पशु नहीं चराने और ट्रैक के पास पतंग नहीं उड़ाने के बारे में भी समझाया गया। रेलवे अधिकारियों ने बच्चों को बताया कि रेलवे ट्रैक खेल का मैदान नहीं है और थोड़ी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। बच्चों से खुद सुरक्षा नियमों का पालन करने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की गई। इस दौरान स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों को रेल संरक्षा संदेश वाले हैंडबिल और पोस्टर भी वितरित किए गए।
