सपा प्रमुख बोले – PDA की एकजुटता से घबराई BJP, सरकार बनी तो गरीबों का मुफ्त इलाज, जनता भाजपा को हटाने का बना चुकीं है मन
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर तैयारी में जुटने की अपील की।मंगलवार को सपा प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव से बेहतर प्रदर्शन के लिए पूरी मजबूती से काम करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि ‘एक भी वोट घटने न पाए और एक भी वोट छूटे नहीं।’अखिलेश यादव ने कहा कि जनता भाजपा सरकार के कथित कुशासन, अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार से परेशान है और समाजवादी पार्टी की सरकार लाने का मन बना चुकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनाव के दौरान भाजपा की कथित साजिशों से सावधान रहने और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का निर्देश दिया।
PDA को लेकर भाजपा पर साधा निशाना
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार में हर स्तर पर भेदभाव है और उसके अन्यायी शासन के खिलाफ PDA एकजुट है। उनके मुताबिक, PDA का अर्थ समाजवादी पार्टी के लिए प्रोग्रेसिव और डेवलपमेंट है। इसमें प्रेम, दया और अपनापन शामिल है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सभी वर्गों को साथ जोड़ने और जनता के बीच पार्टी की नीतियों व योजनाओं को पहुंचाने की अपील की। अखिलेश यादव ने भाजपा पर नफरत की राजनीति करने और लोकतंत्र, संविधान तथा आरक्षण के लिए खतरा होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और किसानों के मुद्दों पर विफल रही है।
किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार पर हमला
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने किसानों की खाद, लागत और फसल के उचित मूल्य का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में किसानों को हर सीजन में खाद के लिए परेशान होना पड़ता है और महंगाई से खेती की लागत बढ़ी है। उन्होंने बिचौलियों पर फसल की लूट का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने में सफल नहीं रही। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि समाजवादी सरकार में किसानों के लिए बनाई गई मंडियों को मौजूदा सरकार ने बर्बाद किया है।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए सवाल
सपा अध्यक्ष ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लखनऊ के कैंसर संस्थान, जिलों के मेडिकल कॉलेजों और डॉक्टरों के रिक्त पदों का मुद्दा उठाया। उन्होंने गोरखपुर और रायबरेली के एम्स को लेकर भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर गरीबों का इलाज मुफ्त कराने की व्यवस्था की जाएगी और इलाज के लिए किसी कार्ड की जरूरत नहीं होगी। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, चिकित्सा और खेल के क्षेत्र में सुधार का दावा किया।
खेलों के लिए स्पोर्ट्स पॉलिसी और विशेष फंड का ऐलान
इससे पहले अखिलेश यादव से तैराकी और राइफल शूटिंग में उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों ने मुलाकात की।उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर स्पोर्ट्स पॉलिसी बनाई जाएगी। खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी मदद के लिए विशेष फंड बनाने की बात भी उन्होंने कही। सपा के मुताबिक, तैराकी खिलाड़ी कृष्ण यादव ने थाईलैंड में एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक तथा भुवनेश्वर की जूनियर नेशनल प्रतियोगिता में एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीता है। राइफल शूटिंग में आदित्य यादव और अनुष्का हरेन्द्र यादव के नेशनल स्तर के लिए क्वालीफाई करने की जानकारी भी पार्टी की ओर से दी गई।
JPNIC मुद्दे पर LDA को घेरा
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) और JPNIC को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने LDA की उस रिपोर्ट पर सवाल उठाया, जिसमें JPNIC को भाजपा सरकार द्वारा चलाए जाने पर कथित आर्थिक नुकसान की बात कही गई है। अखिलेश ने तंज कसते हुए पूछा कि यदि कोई व्यापारी घाटे का सौदा नहीं करता तो फिर JPNIC से जुड़ी ऐसी रिपोर्ट का आधार क्या है। उन्होंने अपने पोस्ट में LDA के नाम को लेकर भी व्यंग्य किया और आरोप लगाया कि जनता इस रिपोर्ट को लेकर सवाल पूछ रही है।
पर्यावरण पर कही ऐसी बात
एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में अखिलेश यादव ने लिखा कि यदि बात प्राकृतिक पर्यावरण के बजाय सामाजिक-राजनीतिक पर्यावरण की हो तो भाजपा सरकार ‘माइनस’ में चली जाएगी। उनके इस बयान को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा सरकार की नीतियों पर राजनीतिक हमला माना जा रहा है।
बूथ से लेकर चुनाव तक संगठन मजबूत का आह्वान
उन्होंने 2027 चुनाव की तैयारियों के लिए बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने, PDA को एकजुट रखने और मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने पर खास जोर रहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियां और प्रस्तावित योजनाएं बताने तथा सभी वर्गों के साथ संवाद बढ़ाने की अपील की।
कुल मिलाकर, सपा प्रमुख ने 2027 के चुनाव को लेकर संगठन को सक्रिय करने के साथ किसानों, स्वास्थ्य, शिक्षा,रोजगार और खेल जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए भाजपा सरकार पर राजनीतिक हमला तेज करने का संकेत दिया है।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
