कस्तूरबा विद्यालय में एसडीएम की अचानक दस्तक,198 में 117 छात्राएं मिलीं उपस्थित, खुली सफाई व्यवस्था की पोल
बरेली : विकास भवन सभागार में बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता में जनपद के प्रगतिशील किसानों के साथ कृषि, मत्स्य, विद्युत, उद्यान, पशुपालन, गन्ना और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। किसान दिवस में किसानों की समस्याएं सुनी गईं और संबंधित विभागों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। किसानों को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने परंपरागत खेती के साथ फल, सब्जी, मत्स्य पालन और मुर्गी पालन को आय के अतिरिक्त स्रोत के रूप में अपनाने का सुझाव दिया।किसानों को जैविक और प्राकृतिक खेती के फायदे बताते हुए जैविक खाद के इस्तेमाल तथा जैविक उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग की जानकारी भी दी गई।
केसर शुगर मिल पर गन्ना भुगतान का उठा मुद्दा

किसान दिवस में बहेड़ी स्थित केसर शुगर मिल पर वर्ष 2024 -25 के बकाया गन्ना भुगतान का मामला प्रमुखता से उठाया गया।ग्राम खनगंवा श्याम, विकासखंड मझगवां, तहसील आंवला निवासी किसान एमपी सिंह ने बकाया भुगतान की शिकायत रखी। किसानों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं भोजीपुरा के हमीरपुर निवासी किसान ओमप्रकाश ने किसानों के बीच प्राकृतिक खेती की तकनीक की विस्तृत जानकारी साझा की।
बिजली के पोल की समस्या भी पहुंची किसान दिवस में
किसान सुरेश ने मोहल्ले में बिजली के पोल की समस्या के कारण विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने की शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड बहेड़ी को शिकायत का निस्तारण कर इसकी सूचना भेजने के निर्देश दिए गए। कृषि विज्ञान केंद्र, आईवीआरआई बरेली के विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉ. रंजीत कुमार ने किसानों को फसलों में लगने वाले कीट एवं रोगों, रासायनिक उर्वरकों के संतुलित प्रयोग और मिट्टी की जांच के महत्व की तकनीकी जानकारी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण संबंधित अधिकारी किसानों से स्वयं वार्ता कर शीघ्र करें। अगले किसान दिवस में पहले पिछली शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा होगी, इसके बाद नई शिकायतों पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कस्तूरबा विद्यालय में औचक निरीक्षण, 198 में 117 छात्राएं मिलीं उपस्थित

एसडीएम फरीदपुर विदुषी सिंह ने विकासखंड भुता के ग्राम फैजनगर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की आवासीय व्यवस्था, पढ़ाई, भोजन, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था और छात्राओं की सुरक्षा का जायजा लिया। अभिलेखों के अनुसार विद्यालय में कुल 198 छात्राएं पंजीकृत हैं, जबकि निरीक्षण के दौरान 117 छात्राएं उपस्थित मिलीं।
शौचालय की सफाई को दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान शौचालयों में पर्याप्त साफ-सफाई नहीं मिली। कुछ अतिरिक्त शौचालय निर्माणाधीन भी पाए गए।एसडीएम ने स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्राओं से सीधे बातचीत कर पढ़ाई, भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं और विद्यालय में उपलब्ध अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने भोजन के मेन्यू, छात्राओं को दिए जा रहे पोषाहार और स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
एसडीएम ने विद्यालय में रात्रि सुरक्षा गार्ड और अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। छात्राओं से परिसर में बाहरी लोगों के आवागमन के संबंध में भी अलग से जानकारी ली गई। छात्राओं ने इस संबंध में कोई प्रतिकूल तथ्य नहीं बताया।निरीक्षण के दौरान विद्यालय के रख-रखाव, विद्युत व्यवस्था और विभिन्न रजिस्टरों के अद्यतन होने की भी जांच की गई। अधिकारियों ने बताया कि 18 अगस्त 2026 को छह शिक्षिकाओं ने विद्यालय में ज्वाइन किया है। एसडीएम ने कहा कि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में पढ़ने वाली बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित, स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जाना सरकार की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की वार्डन, शिक्षिकाएं और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
