बरेली : शहर की किला नदी में छलांग लगाने वाले एक युवक का शव करीब 20 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। शनिवार दोपहर उफनाती नदी में कूदने के बाद युवक तेज बहाव में लापता हो गया था। पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने उसकी तलाश शुरू की थी। रविवार को दोबारा चलाए गए सर्च अभियान के दौरान युवक का शव नदी से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक की पहचान 27 वर्षीय राहुल के रूप में हुई है।
भाई के साथ मिठाई की दुकान पर करता था काम
स्थानीय पार्षद रंजीत के अनुसार राहुल किला छावनी निवासी महेंद्र राठौर का बेटा था। वह अपने बड़े भाई सचिन के साथ मिठाई की दुकान पर काम करता था। बताया गया कि उनकी दुकान किला नदी के पुल के नीचे स्थित है। यह घटना शनिवार दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है। उस समय किला नदी बारिश और बाढ़ के कारण उफान पर थी और पानी का बहाव काफी तेज था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राहुल नदी किनारे पहुंचा और कुछ देर तक वहां घूमता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि युवक कथित तौर पर शराब के नशे में था। इसके बाद उसने अचानक उफनाती नदी में छलांग लगा दी। युवक को नदी में कूदते देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
तेज बहाव ले गया था बहाकर
बताया जाता है कि नदी का तेज बहाव युवक को अपने साथ बहा ले गया। कुछ दूरी तक वह पानी में दिखाई दिया, लेकिन इसके बाद गहरे पानी और तेज धारा में ओझल हो गया। इस घटना की सूचना मिलते ही किला पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कराई गई। स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया।हालांकि, नदी में पानी अधिक होने और तेज बहाव के कारण तलाशी अभियान में काफी दिक्कतें आईं। देर शाम तक युवक का पता नहीं चल सका।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर भेजा पोस्टमार्टम को
इसके बाद रविवार को एक बार फिर तलाश अभियान शुरू किया गया। करीब 20 घंटे बाद गोताखोरों को युवक का शव बरामद करने में सफलता मिली।पिछले दिनों हुई भारी बारिश और बाढ़ के चलते किला नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। नदी में तेज बहाव होने के कारण राहत और बचाव अभियान भी चुनौतीपूर्ण रहा। शव मिलने की सूचना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
