बरेली : उत्तर रेलवे के बरेली जंक्शन पर टॉयलेट जाने के लिए स्टेशन पर ट्रॉली बैग छोड़ना एक यात्री को भारी पड़ गया। वापस लौटने पर बैग गायब मिला।।उसमें करीब 2.65 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और कपड़े रखे थे। परेशान यात्री ने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) से मदद मांगी। इसके बाद आरपीएफ ने CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और तलाश शुरू की। कुछ ही देर में प्लेटफार्म नंबर चार पर लाल रंग का ट्रॉली बैग मिल गया। बैग में रखा पूरा सामान सुरक्षित मिलने पर यात्री ने आरपीएफ का आभार जताया। जानकारी के मुताबिक, अमेठी जिले के भोला का पुरवा गांव निवासी 26 वर्षीय अनीश कुमार बुधवार को दिल्ली जाने के लिए बरेली जंक्शन पहुंचे थे। सुबह करीब 9:30 बजे टिकट लेने के बाद वह वेटिंग हॉल के पास बैठ गए। इस दौरान उन्होंने अपना लाल रंग का ट्रॉली बैग मुरादाबाद की ओर बने फुट ओवरब्रिज के पास बेंच के नजदीक रख दिया और टॉयलेट चले गए। वापस लौटे तो बैग गायब था। स्टेशन परिसर में काफी तलाश करने के बाद भी जब बैग नहीं मिला तो उन्होंने आरपीएफ पोस्ट पहुंचकर शिकायत की।
CCTV फुटेज खंगालकर प्लेटफार्म नंबर चार पर खोजा बैग
इस मामले की जानकारी मिलते ही आरपीएफ निरीक्षक मयंक चौधरी ने उपनिरीक्षक मुरसलीम मलिक को बैग की तलाश के निर्देश दिए। इसके बाद आरपीएफ ने स्टेशन पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। आरपीएफ जवान सचिन और जीआरपी कांस्टेबल उपेंद्र कुमार के साथ यात्री को लेकर स्टेशन परिसर में तलाश शुरू की गई। इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर चार पर शाहजहांपुर की ओर एक लाल रंग का ट्रॉली बैग दिखाई दिया। यात्री ने तुरंत बैग की पहचान कर ली।
बैग में मिले सोने के मंगलसूत्र, लॉकेट और चांदी के आभूषण
आरपीएफ जवान बैग को लेकर पोस्ट पहुंचे और यात्री के सामने उसे खोलकर सामान की जांच की। बैग में सोने के तीन मंगलसूत्र, एक सोने का लॉकेट, सोने की दो बालियां, चांदी के सात बिछुए, दो जोड़ी पायल, बच्चे के गले की चेन और चांदी का एक लॉकेट रखा मिला। इसके अलावा महिला और पुरुषों के करीब 20 जोड़ी कपड़े भी बरामद हुए।
2.65 लाख का सामान सुरक्षित पाकर यात्री ने जताया आभार
आरपीएफ निरीक्षक मयंक चौधरी के मुताबिक, बैग में रखे सोने-चांदी के आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये और अन्य सामान की कीमत लगभग 15 हजार रुपये थी। इस तरह बैग में कुल करीब 2.65 लाख रुपये का सामान सुरक्षित मिला। आवश्यक जांच के बाद पूरा सामान यात्री अनीश कुमार को सौंप दिया गया। अपना कीमती सामान वापस पाकर यात्री ने आरपीएफ की तत्परता और कार्रवाई की सराहना की। इस घटना में CCTV कैमरों की निगरानी और आरपीएफ की सक्रियता से यात्री को बड़ी राहत मिली। साथ ही यात्रियों के लिए यह भी सबक है कि रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थानों पर अपना कीमती सामान कभी अकेला छोड़कर न जाएं।
