सराय गांव में शनिवार देर रात हुआ दर्दनाक हादसा, साउंड सिस्टम संचालक गंभीर रूप से झुलसा, ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया
बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी क शोभायात्रा के दौरान शनिवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। सराय गांव में झांकी निकालकर लौट रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लगे साउंड सिस्टम का लोहे का पाइप नीचे झूल रही हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया। इसके बाद ट्रैक्टर -ट्रॉली में अचानक करंट दौड़ गया और तेज धमाका हुआ। हादसे में ट्रैक्टर चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि साउंड सिस्टम संचालक गंभीर रूप से झुलस गया। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात गांव में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शोभायात्रा निकाली जा रही थी। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर भगवान श्रीकृष्ण की झांकियां सजाई गई थीं और श्रद्धालु उत्साह के साथ शोभायात्रा में शामिल थे। इसी दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लगाया गया साउंड सिस्टम हादसे का कारण बन गया।
लोहे का पाइप हाईटेंशन लाइन से छूते ही दौड़ा करंट
पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा के अनुसार, ट्रॉली पर लगे साउंड सिस्टम का लोहे का पाइप रास्ते में नीचे झूल रही हाईटेंशन लाइन से छू गया। पाइप के बिजली के तार से संपर्क में आते ही ट्रॉली में करंट दौड़ गया और तेज धमाका हुआ। अचानक हुए हादसे के बाद शोभायात्रा में अफरा-तफरी मच गई। ट्रॉली में सवार लोग करंट से बचने के लिए नीचे कूदने लगे।
चालक वीरेंद्र और 10 वर्षीय दीप की मौत
पूर्व प्रधान त्रिमोहन सिंह के मुताबिक, हादसे के दौरान ट्रैक्टर चालक वीरेंद्र (28), साउंड सिस्टम संचालक बंटी और 10 वर्षीय बालक दीप करंट की चपेट में आ गए। दीप की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से झुलसे ट्रैक्टर चालक वीरेंद्र को उपचार के लिए बरेली ले जाया गया। जहां शनिवार देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। साउंड सिस्टम संचालक बंटी गंभीर रूप से झुलस गया और उसका उपचार जारी है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप
हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन काफी नीचे झूल रही थी और इसी वजह से यह दर्दनाक हादसा हुआ। पूर्व प्रधान त्रिमोहन सिंह का कहना है कि शोभायात्रा की जानकारी होने के बावजूद बिजली विभाग की ओर से हाईटेंशन लाइन को ऊंचा कराने या अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि बिजली विभाग की ओर से ग्रामीणों के आरोपों पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे मौके पर
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है। एसडीएम रामगोपाल शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व टीम से रिपोर्ट तलब की गई है। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को नियमानुसार हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया साउंड सिस्टम का लोहे का पाइप हाईटेंशन लाइन से छूने के कारण ट्रॉली में करंट दौड़ा। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
