12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम के तहत नागरिकों की व्यापक भागीदारी,हर वर्ग ने अपनाया योग का संकल्प, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश
बरेली : 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूरे देश के साथ बरेली भी योगमय नजर आया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing (स्वस्थ आयु के लिए योग)” रही। जिले में स्पोर्ट्स स्टेडियम, रिजर्व पुलिस लाइन, पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल और बरेली छावनी क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों पर भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें हजारों लोगों ने भाग लेकर स्वस्थ और संतुलित जीवन का संदेश दिया।जनप्रतिनिधि और अधिकारी बरेली के स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, विधायक राघवेंद्र शर्मा, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की अध्यक्ष श्रुति गंगवार, डीएम अविनाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी सिंह समेत अनेक जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
पीएम के संबोधन से कार्यक्रम का आगाज

कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के सीधा प्रसारण से हुई। इसके बाद योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में हजारों प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। पूरे स्टेडियम में योग के प्रति उत्साह और अनुशासन का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। वहीं डीएम अविनाश सिंह ने नागरिकों से योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
रिजर्व पुलिस लाइन में योग

रिजर्व पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में बरेली पुलिस द्वारा भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा मुख्य अतिथि तथा डीआईजी बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन और समन्वय एसएसपी अनुराग आर्य के नेतृत्व में किया गया। योग सेवा ट्रस्ट बरेली के योगाचार्य महेंद्रपाल कश्यप और उनकी टीम ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान और तनाव प्रबंधन से जुड़ी योग क्रियाओं का अभ्यास कराया। योग सत्र के बाद प्रशिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि अनुशासित, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की संपूर्ण जीवनशैली है। पुलिसकर्मियों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया ताकि वे मानसिक और शारीरिक रूप से अधिक सशक्त बन सकें।
इज्जतनगर में रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया योग

पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। रेलवे अधिकारी क्लब में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, रेलवे अधिकारी, कर्मचारी, स्काउट -गाइड, नागरिक सुरक्षा संगठन के सदस्य तथा उनके परिजन शामिल हुए। योग प्रशिक्षक डॉ. सुधांशु सिंह और डॉ. निधि सिंह ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग कार्यक्रम का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा प्रसारण भी देखा गया। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की ऐसी धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित कर सकारात्मक और स्वस्थ जीवन का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने सभी को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प दिलाया। इस दौरान ग्रीवा चालन, स्कंध संचालन, कटि चालन, ताड़ासन,वृक्षासन,त्रिकोणासन, भुजंगासन,शलभासन,सेतुबंधासन,पवनमुक्तासन,शवासन तथा कपालभाति,अनुलोम-विलोम,शीतली,भ्रामरी और ध्यान सहित विभिन्न योग क्रियाओं का प्रदर्शन किया गया। रेलवे प्रशासन की ओर से ट्रेन सेट शेड, सवारी एवं माल डिब्बा डिपो, लोको शेड, रेलवे सुरक्षा बल बैरक तथा बरेली सिटी, काठगोदाम,लालकुआं,फर्रुखाबाद, रामनगर, कासगंज और पीलीभीत समेत विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर भी सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कैंटोनमेंट बोर्ड में 1000 से अधिक लोगों ने किया योग
बरेली छावनी क्षेत्र (कैंटोनमेंट बोर्ड) में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। यहां आयोजित कार्यक्रम में 1000 से अधिक लोगों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वास्थ्य, फिटनेस और सामूहिक कल्याण का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने “योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ” की भावना को आत्मसात करते हुए स्वस्थ समाज और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
योग के जरिए स्वस्थ समाज का संदेश
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बरेली में प्रशासन, पुलिस, रेलवे, सेना, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी देखने को मिली। सभी कार्यक्रमों में एक स्वर से यह संदेश दिया गया कि योग केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और तनावमुक्त जीवन जीने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है। बढ़ती भागदौड़ और मानसिक तनाव के दौर में योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर बेहतर स्वास्थ्य और खुशहाल समाज का निर्माण किया जा सकता है।
