बरेली : यूपी के बरेली देहात के बहेड़ी थाना क्षेत्र में महिलाओं से कुंडल लूटने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज तीन दिन में खुलासा कर दिया। पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात हुई मुठभेड़ में चार बदमाश गिरफ्तार किए गए, जबकि दो बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जबकि दो अन्य बाइक फिसलने से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने के टॉप्स, तीन अवैध तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई दो बाइक बरामद की हैं।
18 जून को चुरैली नहर पुलिया के पास हुई महिलाओं से लूट
पुलिस के अनुसार, 18 जून को चन्द्रपाल निवासी कनमन थाना देवरनियां अपनी पत्नी और सलहज के साथ ससुराल से लौट रहे थे। चुरैली नहर पुलिया के पास दो बाइकों पर सवार छह बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और महिलाओं के कानों से कुंडल समेत अन्य आभूषण लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर थाना बहेड़ी में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्विलांस,एसओजी और थाना बहेड़ी की संयुक्त टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने छह आरोपियों की पहचान कर ली और डकैती की धाराओं में मुकदमे को तरमीम किया गया।
चेकिंग के दौरान घिरे बदमाश, पुलिस पर फायरिंग के बाद मुठभेड़
20 और 21 जून की रात पुलिस पचपेड़ा चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो बाइकों पर छह संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर सभी आरोपी वापस भागने लगे। पीछा करने पर उन्होंने गांव लभेड़ी की ओर भागने का प्रयास किया, लेकिन तेज रफ्तार के कारण दोनों बाइक गिर गईं। इसके बाद चार बदमाश खेतों की ओर भागने लगे और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें विकास उर्फ बनवारी लाल और सौरभ के पैरों में गोली लग गई। वहीं ललित और सचिन बाइक गिरने से घायल हो गए। हालांकि दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
लूटे गए टॉप्स, अवैध हथियार और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद
गिरफ्तार बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस ने लूट की घटना से संबंधित एक जोड़ी कानों के टॉप्स, दो तमंचे 315 बोर, एक तमंचा 12 बोर, जिंदा और खोखा कारतूस तथा वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मुठभेड़ और अवैध हथियार रखने के मामले में अलग से मुकदमा दर्ज कर लिया है।
फरार दो आरोपियों की तलाश जारी, आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही पुलिस
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास उर्फ बनवारी लाल, सौरभ, ललित और सचिन निवासी ग्राम पड़री, थाना नवाबगंज के रूप में हुई है। पुलिस अब फरार दो बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
