पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
बरेली : यूपी के बरेली IMA ब्लड बैंक के बाहर अवैध ब्लड कारोबार का खुलासा हुआ है। एसपी सिटी मानुष पारीक ने मीडिया को बताया कि चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी गरीब, मजबूर और नशे के शिकार लोगों को पैसे का लालच देकर जबरन खून डोनेट करवाते थे, और उसे ऊंचे दामों पर बेचते थे। शहर कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
ऐसे हुआ खुलासा
देखें वीडियो 👇🏻
https://youtu.be/7ZVC9X8i-k0?si=OCcjl-ulVM9EVC_t
4 अगस्त, 2025 को गश्त के दौरान कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि IMA ब्लड बैंक के बाहर कुछ लोग गरीब लोगों को पैसे का लालच देकर उनका खून निकलवा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी, और चार लोगों को गिरफ्तार किया। ये सभी आरोपी ब्लड बैंक के बाहर पैसे के बदले डोनर तलाश कर रहे थे। पुलिस ने प्रेमनाथ, निवासी पुराना टांडा, आजमनगर, धीरेन्द्र शर्मा निवासी इक्तियार नगर, प्रेमनगर,अभय निवासी अभयपुर ललफटक, कैंट, और लवनीत निवासी अभयपुर ललफटक, कैंट, बरेली को गिरफ्तार किया गया है।
पूछताछ में सामने आया बड़ा खुलासा
एसपी सिटी ने मीडिया को बताया कि पूछताछ में आरोपी प्रेमनाथ ने बताया कि पहले वह जूस का ठेला लगाता था, लेकिन अभय और लवनीत के संपर्क में आकर इस गोरखधंधे में शामिल हो गया। धीरेन्द्र शर्मा ने स्वीकार किया कि वह पहले कूरियर का काम करता था। अब इस गिरोह का हिस्सा बन गया था। अभय और लवनीत, जो ब्लड बैंक में सफाईकर्मी के रूप में काम करते थे, जरूरतमंद डोनर्स की तलाश कर रेलवे स्टेशन, मजदूर चौक जैसे इलाकों से नशेड़ी और मजबूर लोगों को 1000-2000 रुपये का लालच देकर खून डोनेट करवाते थे। आरोपी इन डोनर्स को रिश्तेदार बताकर ब्लड बैंक में पेश करते थे और ब्लैक में ऊंची कीमत पर ब्लड बेच देते थे।
पुलिस ने गंभीर धाराओं में दर्ज किया मुकदमा
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध संख्य 395/2025, धारा 318(2)/272 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।
