मोबाइल फोन और हथियार बनाने के उपकरण कब्जे में, पाकिस्तानी हैंडलर से संपर्क के दावों की डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर होगी जांच
बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली में पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, एक खंडहर में अवैध रूप से असलहे तैयार किए जा रहे थे। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। इस मामले में पाकिस्तान तक हथियारों के तार जुड़े होने की आशंका सामने आने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां भी जांच में जुट गई हैं। रविवार को पुलिस लाइन में एसएसपी अनुराग आर्य ने मीडिया के सामने पूरे मामले का खुलासा किया।पुलिस ने कार्रवाई के दौरान हथियारों के साथ उन्हें बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए हैं। अब बरामद असलहों और उपकरणों की जांच के साथ आरोपियों के मोबाइल फोन से मिले डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों का किसी पाकिस्तानी हैंडलर से संपर्क था या नहीं और कथित तौर पर तैयार किए जा रहे हथियारों की सप्लाई कहां की जानी थी।
बहेड़ी थाने में दर्ज किया मुकदमा
पुलिस के अनुसार, मामले में बहेड़ी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है। वहीं, फरार दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी सुनील शर्मा और उनकी टीम के साथ बहेड़ी थाने के उपनिरीक्षक तेजपाल सिंह, हेड कांस्टेबल विकास पंवार, हेड कांस्टेबल राजीव कुमार, कांस्टेबल गौरव कुमार और रिक्रूट कांस्टेबल अतुल नागर शामिल रहे।फिलहाल पुलिस की जांच का मुख्य केंद्र अवैध हथियार फैक्ट्री के नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई और कथित पाकिस्तानी संपर्क की वास्तविकता का पता लगाना है। डिजिटल साक्ष्यों और अन्य जांच के बाद ही इस मामले में अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
