बरेली : मंडप सज चुका था, मेहमान शादी समारोह में पहुंच चुके थे और खाने की पूरी तैयारी हो चुकी थी। सभी को बस दूल्हे और बारात के पहुंचने का इंतजार था। तभी अचानक एक महिला शादी वाले घर पहुंची और खुद को होने वाले दूल्हे की पत्नी बताते हुए दूसरी शादी का विरोध कर दिया। महिला के पहुंचते ही शादी समारोह में हड़कंप मच गया और आखिरकार डॉक्टर बारात लेकर मौके पर पहुंचे ही नहीं। यह मामला बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है। सूफी टोला निवासी निजी चिकित्सक डॉ. बुशरा फरहत अंसारी ने आरोप लगाया है कि उनके पति बदायूं जिले के एक सरकारी अस्पताल में एमओआईसी के पद पर तैनात हैं और वह पहली शादी कानूनी रूप से समाप्त हुए बिना नवाबगंज निवासी एक युवती से दूसरी शादी करने की तैयारी कर रहे थे।
दूसरी शादी की जानकारी मिलते ही पहुंचीं पहली पत्नी
डॉ. बुशरा के अनुसार, उन्हें अपने पति की दूसरी युवती से शादी की तैयारी की जानकारी मिली थी।इसके बाद वह सीधे शादी वाले घर पहुंच गईं और वहां मौजूद लोगों के सामने खुद को डॉक्टर की पत्नी बताया। बताया जाता है कि उस समय शादी समारोह की लगभग सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। घर में मेहमान पहुंच चुके थे, खाने की व्यवस्था तैयार थी और दूल्हे की बारात आने का इंतजार किया जा रहा था। लेकिन पहली पत्नी के पहुंचकर विरोध करने के बाद पूरे समारोह का माहौल बदल गया।
पहली पत्नी को ‘मृत’ बताए जाने का गंभीर आरोप
डॉ. बुशरा ने आरोप लगाया कि जिस युवती से डॉक्टर की शादी होने वाली थी, उसके परिवार को कथित तौर पर बताया गया था कि डॉक्टर की पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। हालांकि, इसी बीच कथित रूप से मृत बताई गई पहली पत्नी खुद शादी वाले घर पहुंच गईं। महिला के सामने आने के बाद वहां मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया और दूसरी शादी को लेकर सवाल खड़े हो गए। पहली पत्नी का आरोप है कि उनकी शादी अभी कानूनी रूप से समाप्त नहीं हुई है और तलाक की प्रक्रिया पूरी हुए बिना उनके पति दूसरी शादी करने की तैयारी कर रहे थे।
मंडप तैयार रहा, लेकिन बारात लेकर नहीं पहुंचे डॉक्टर
इस मामले की जानकारी डॉक्टर तक पहुंचने के बाद स्थिति बदल गई। शादी की पूरी तैयारियां होने के बावजूद डॉक्टर बारात लेकर मौके पर नहीं पहुंचे। उधर, शादी वाले घर में मौजूद मेहमान दूल्हे का इंतजार करते रहे, लेकिन पहली पत्नी के पहुंचने और पूरे मामले के सामने आने के बाद शादी समारोह रोक दिया गया। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शादी की प्रक्रिया रुकवा दी।
युवती ने कहा-तलाक होने तक डॉक्टर से रखेगी दूरी
पुलिस युवती को थाने लेकर गई।इसके बाद में परिजनों के समझाने के बाद युवती ने कहा कि जब तक डॉक्टर और उनकी पहली पत्नी के बीच कानूनी रूप से तलाक नहीं हो जाता, तब तक वह डॉक्टर से दूरी बनाए रखेगी। इस घटनाक्रम के बाद दूसरी शादी फिलहाल रुक गई।
पुलिस ने कहा-रुकवा दी गई शादी की तैयारियां
थाना प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शादी की तैयारियां रुकवा दीं। मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी ली जा रही है। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम ने सरकारी अस्पताल में जिम्मेदार पद पर तैनात डॉक्टर को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पहली शादी कानूनी रूप से समाप्त हुए बिना दूसरी शादी की तैयारी किए जाने और पहली पत्नी को कथित तौर पर मृत बताए जाने के आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, मंडप सजकर रह गया, मेहमान मौजूद रहे और खाना तैयार रहा, लेकिन दूल्हा बारात लेकर नहीं पहुंचा। पहली पत्नी के अचानक शादी वाले घर पहुंचने के बाद दूसरी शादी की तैयारियां धरी की धरी रह गईं।
