बरेली : रामगंगा तट पर लगने वाले ऐतिहासिक चौबारी मेले में शुक्रवार शाम से रौनक शुरू होनी है, लेकिन उद्घाटन से पहले सुरक्षा इंतजामों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। मेले में झूले और दुकानें हाईटेंशन लाइन के नजदीक लगा दी गई हैं। आग लगने जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन यंत्र, पानी और रेत-बालू तक के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिले। मेला स्थल का नक्शा भी प्रशासन को नहीं सौंपा गया है। इन खामियों के चलते अग्निशमन विभाग ने फायर एनओसी जारी नहीं की है। एसडीएम सदर इशिता किशोर ने ठेकेदार को नोटिस जारी कर कमियां दूर करने और जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं।
हाईटेंशन लाइन के नीचे दुकानें, झूलों के पास अग्निशमन इंतजाम नहीं
चौबारी मेले का आयोजन 20 से 28 नवंबर तक होना है। 24 नवंबर को मुख्य स्नान होगा, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में मेले में आने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए पहले से पुख्ता इंतजाम जरूरी हैं। हालांकि, उद्घाटन से ठीक पहले भी अग्निशमन विभाग की आपत्तियों का निस्तारण नहीं हो सका है। सीएफओ के मेला स्थल निरीक्षण में कई खामियां सामने आई थीं। एसडीएम की ओर से ठेकेदार फिरासत अली को जारी नोटिस में बताया गया कि झूलों के पास अग्निशमन यंत्र, रेत और पानी की व्यवस्था नहीं मिली। दुकानों तक जाने वाले रास्ते के ऊपर से बिजली की लाइन गुजर रही है। इस हिस्से से दुकानें हटाने के निर्देश सुभाषनगर थाना प्रभारी और मेला आयोजकों को दिए गए थे, लेकिन अनुपालन नहीं हुआ। एसडीएम ने सभी कमियां दूर कर निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने और इस संबंध में जवाब देने को कहा है।
नक्शा और स्टेबिलिटी सर्टिफिकेट भी नहीं, 14.50 लाख रुपये का भुगतान अटका
झूले, खेल और तमाशों के लिए बनाए गए अप्रोच मार्ग का नक्शा जमा नहीं करने पर संभल निवासी रिजवान को भी नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में कहा गया है कि सीएफओ के पत्र के बावजूद संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। विद्युत सुरक्षा और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से निरीक्षण कराने के बाद स्टेबिलिटी सर्टिफिकेट भी जमा नहीं किया गया है। इन दस्तावेजों के अभाव में फायर एनओसी जारी करना संभव नहीं है। मेला कमेटी की ओर से भी इस मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। मेले की तैयारियों के बीच आयोजन समिति में आर्थिक भुगतान को लेकर भी खींचतान सामने आई है। प्रशासनिक व्यवस्थाओं के लिए आयोजकों को सरकारी खाते में करीब 14.50 लाख रुपये जमा कराने थे, लेकिन गुरुवार रात तक यह रकम जमा नहीं हुई थी। मेला कमेटी के प्रमुख जयवीर सिंह ने बताया कि आयोजन को लेकर कई तरह की दिक्कतें हैं। कमेटी के कुछ सदस्य रकम जमा कराने के लिए तैयार नहीं हैं, जिस वजह से भुगतान नहीं हो सका है।
बिजली विभाग से एनओसी का दावा, मुख्य स्नान पर लाखों श्रद्धालुओं की चुनौती
नायब तहसीलदार प्रभात मिश्रा ने बताया कि ठेकेदार ने झूलों को काफी पास-पास लगा दिया था और बिजली विभाग से एनओसी भी नहीं ली थी। अब ठेकेदार ने बिजली विभाग से एनओसी करा ली है। शेष कमियां भी दूर करने की बात कही गई है। हालांकि, अग्निशमन विभाग की एनओसी और अन्य सुरक्षा मानकों को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। चौबारी मेले में 24 नवंबर को मुख्य स्नान होना है। इस दिन रामगंगा तट पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में झूलों और दुकानों के आसपास बिजली की लाइन, अग्निशमन संसाधनों की कमी और रास्तों की सुरक्षा जैसे मुद्दे महत्वपूर्ण हैं। मेले में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए प्रशासन के सामने उद्घाटन से पहले सभी खामियां दूर कराने की चुनौती है। नायब तहसीलदार प्रभात मिश्रा ने कहा कि ठेकेदार झूलों को पास-पास लगा रहा था और बिजली विभाग से एनओसी नहीं ली थी। अब बिजली विभाग से एनओसी करा ली गई है और शेष कमियां भी दूर करने की बात कही गई है। डीएम अविनाश सिंह ने बताया कि वह आगरा में मतगणना को लेकर चुनाव आयोग की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल हैं। चौबारी मेले की वर्तमान स्थिति की जानकारी नहीं है और इस संबंध में एसडीएम सदर ही वास्तविक स्थिति बता सकती हैं।
