28 नवंबर तक चलेगा कार्तिक मेला श्रीरामगंगा चौबारी-2026, प्रबंध समिति में शामिल होने के इच्छुक लोग 12 नवंबर को दोपहर 12 बजे तक एसडीएम सदर के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे आवेदन
बरेली : बरेली के प्रसिद्ध कार्तिक मेला श्रीरामगंगा चौबारी-2026 के आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। ग्राम चौबारी स्थित रामगंगा नदी के किनारे लगने वाले इस मेले का आयोजन 20 नवंबर से 28 नवंबर तक किया जाएगा। मेले के प्रबंधन और संचालन के लिए प्रशासन ने प्रबंध समिति के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत समिति में शामिल होने के इच्छुक लोगों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। एसीएम एवं मेला मजिस्ट्रेट सदर ने बताया कि हर साल की तरह इस वर्ष भी कार्तिक मेला श्रीरामगंगा चौबारी का आयोजन किया जाएगा। मेले का प्रबंधन ग्राम चौबारी के लोगों द्वारा गठित प्रबंध समिति के माध्यम से किया जाता है।
12 नवंबर को दोपहर 12 बजे तक कर सकेंगे आवेदन
प्रशासन की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, मेले की आयोजन एवं प्रबंधन समिति में शामिल होने के इच्छुक व्यक्ति 12 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे मेला मजिस्ट्रेट सदर के समक्ष अपना प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के बाद नियमानुसार प्रबंध समिति का गठन किया जाएगा।
समिति को जमा करनी होगी मेले से संबंधित पूरी धनराशि
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गठित प्रबंध समिति को मेले से संबंधित समस्त धनराशि तत्काल जमा करनी होगी। मेले के आयोजन और प्रबंधन से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति किसी भी कार्य दिवस में नायब तहसीलदार चौबारी, तहसीलदार सदर बरेली या मेला मजिस्ट्रेट सदर से संपर्क कर सकते हैं। रामगंगा नदी के किनारे आयोजित होने वाला चौबारी का कार्तिक मेला बरेली के प्रमुख पारंपरिक आयोजनों में शामिल है। इस वर्ष भी मेले के आयोजन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
