फार्मर रजिस्ट्री, सैटेलाइट एग्रीकल्चर सर्वे और मजदूरों के अंगूठे की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग
बरेली : धान खरीद की जटिल शर्तों को समाप्त कर किसानों के लिए पहले जैसी सरल व्यवस्था लागू करने और गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग को लेकर किसान एकता संघ ने आवाज बुलंद की है। सोमवार को राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. रवि नागर के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन किसानों के हित में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगा।
धान खरीद की नई व्यवस्था से छोटे किसानों को परेशानी
डॉ. रवि नागर ने कहा कि धान खरीद की नई व्यवस्था छोटे और सीमांत किसानों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। फार्मर रजिस्ट्री, सैटेलाइट एग्रीकल्चर सर्वे और धान की तौल के बाद चार मजदूरों के अंगूठे के निशान की अनिवार्यता से खरीद प्रक्रिया जटिल हो गई है। तकनीकी खामियों के चलते वास्तविक किसानों को भी सरकारी क्रय केंद्रों पर अपनी उपज बेचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
फार्मर रजिस्ट्री- सैटेलाइट सर्वे की अनिवार्यता खत्म की मांग
किसान एकता संघ ने मांग की कि फार्मर रजिस्ट्री और सैटेलाइट सर्वे की अनिवार्यता समाप्त कर सामान्य पंजीकरण के आधार पर धान खरीद की जाए। इसके साथ ही तौल करने वाले मजदूरों के अंगूठे के निशान की बाध्यता भी खत्म की जाए, ताकि किसानों को बिना अनावश्यक तकनीकी और कागजी प्रक्रिया के अपनी उपज बेचने की सुविधा मिल सके।
गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग
डॉ. रवि नागर ने कहा कि खेती में खाद, बीज, डीजल, सिंचाई और मजदूरी की लागत लगातार बढ़ रही है। ऐसे में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना जरूरी है। उन्होंने सरकार से गन्ने का मूल्य बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग की।
मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन की चेतावनी
किसान एकता संघ ने स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं को लेकर संगठन लगातार आवाज उठाता रहेगा। मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान गिरीश गोस्वामी, राजेश कुमार, डॉ. अंश भारती, डॉ. प्रेमपाल, प्रशांत गुप्ता, सुरेंद्र तिवारी, ओमप्रकाश, श्रीराम, राजेंद्र और लोकपाल समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
