नई दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय पर ली सदस्यता, ग्राम प्रधानों, बीडीसी सदस्यों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी बदला दल, कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
बरेली/नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश की राजनीति में बरेली से भाजपा को बड़ा झटका लगा है। नवाबगंज विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता राकेश गंगवार ने गुरुवार को अपने हजारों समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी।(एआईसीसी) के 24 अकबर रोड स्थित मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने औपचारिक रूप से कांग्रेस का दामन थामा। इस सदस्यता अभियान का नेतृत्व बरेली जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने किया।

भाजपा के अहम पदों पर संभाली जिम्मेदारी
राकेश गंगवार के साथ नवाबगंज क्षेत्र के कई ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य और भाजपा के जमीनी कार्यकर्ता भी कांग्रेस में शामिल हुए। सभी ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, एआईसीसी सचिव धीरज गुर्जर और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. के.बी. त्रिपाठी (गुरुजी) की मौजूदगी में कांग्रेस को मजबूत करने का संकल्प लिया। सदस्यता समारोह के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने समाज में एकता की जरूरत बताते हुए भाजपा पर समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया।
युवाओं,महिलाओं से जुड़े मुद्दे पर घेरा
राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से सरकार को जवाब देना होगा और युवाओं तथा महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरा। राष्ट्रीय सचिव विद्युत चौधरी ने दावा किया कि युवाओं में भाजपा के प्रति निराशा बढ़ रही है। प्रदेश प्रवक्ता डॉ. के.बी. त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस की जनहित की राजनीति और राहुल गांधी के नेतृत्व से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक विभाजन जैसे मुद्दों को उठाते हुए संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस को मजबूत करने की अपील की।
कार्यक्रम में कांग्रेस के महासचिव ओमवीर यादव, नवाबगंज विधानसभा प्रभारी मुजम्मिल राजा एडवोकेट और जिला उपाध्यक्ष कृष्णकांत शर्मा सहित अन्य नेताओं ने भी भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना की।
बड़ी संख्या में समर्थक शामिल
उन्होंने दावा किया कि युवाओं का डबल इंजन सरकार से मोहभंग हो चुका है। कांग्रेस की सदस्यता लेने के बाद राकेश गंगवार ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस की नीतियों, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. के.बी. त्रिपाठी और जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी के प्रयासों से प्रभावित होकर अपने समर्थकों के साथ पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया है।
