भुता के कैलाश पुल पर दर्दनाक हादसा, परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाकर लगाया जाम
बरेली: जिले के भुता थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में नदी में नहाने गए साले-बहनोई की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। नाराज परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क पर जाम लगा दिया।प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने के बाद जाम खुल सका। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने दोनों शव नदी से बाहर निकाले। जानकारी के अनुसार, भुता थाना क्षेत्र के गांव अहिरौला निवासी 19 वर्षीय रोहित अपने 22 वर्षीय बहनोई विवेक कश्यप के साथ शनिवार सुबह करीब 10 बजे कैलाश पुल के पास नदी में नहाने गया था।
नहाते समय पहुंचे गहरे पानी में
वह दोनों नहाते समय गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों पानी में समा चुके थे। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों ने जाल डालकर करीब दो घंटे तक तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने समय रहते बरेली से विशेषज्ञ गोताखोरों को नहीं बुलाया। इससे राहत कार्य में देरी हुई।
रोड पर लगाया जाम
इसी को लेकर गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे एसडीएम फरीदपुर, सीओ फरीदपुर संदीप सिंह और थाना प्रभारी निरीक्षक ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ। दोपहर करीब दो बजे गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शव नदी से बाहर निकाले।
परिवारों में पसरा मातम
हादसे से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। रोहित अपने परिवार में पांच भाइयों और एक बहन के बीच था। वहीं विवेक कश्यप की शादी इसी वर्ष फरवरी में रोहित की बहन बीना से हुई थी। वह अपने भतीजे के जन्मदिन में शामिल होने ससुराल आया था। अचानक हुई इस घटना से उसकी पत्नी बीना का रो-रोकर बुरा हाल है।
पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार
परिजनों ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिए। प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जांच की।
