अग्नि सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियां मिलने पर कार्रवाई, पुलिस-प्रशासन, बीडीए और फायर विभाग की संयुक्त टीम ने की चेकिंग
बरेली : बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने पुलिस प्रशासन और अग्निशमन विभाग के साथ मिलकर लगातार तीसरे दिन भी कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी और जिम के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। शनिवार को संयुक्त टीम ने कुल 9 संस्थानों का निरीक्षण किया। इसमें सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर 6 संस्थानों को तत्काल सील कर दिया गया, जबकि 3 संस्थानों को नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
इन छह संस्थानों पर लगी सील
संयुक्त टीम ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर सोमिक लाइव साइंसेस प्रा.लि. (सत्यम पैलेस, करगैना), वैदास क्लासिस (सत्यम पैलेस, करगैना), एक्सप्लोर लाइब्रेरी (कृष्णा कॉम्प्लेक्स, बदायूं रोड), अनंत ज्ञान लाइब्रेरी (सर्वोदय नगर, सुभाषनगर), राजश्री लाइब्रेरी (करगैना, बदायूं रोड) तथा माया एकेडमी ऑफ एडवांस सिनेमेटिक (एकता नगर, स्टेडियम रोड) को सील कर दिया।
तीन संस्थानों को दिया नोटिस
निरीक्षण के दौरान स्टडीज वेब क्लासिस एंड लाइब्रेरी, एक्सप्लोर स्टडीज और ऑनिक्स फिटनेस जिम को भवन का स्वीकृत मानचित्र और अग्निशमन विभाग की अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किया गया है।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
अभियान में मुख्य अग्निशमन अधिकारी, बीडीए के विशेष कार्याधिकारी, सहायक अभियंता और अवर अभियंता सहित पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम शामिल रही। सभी संस्थानों में अग्नि सुरक्षा, भवन सुरक्षा और अन्य आवश्यक मानकों की गहन जांच की गई।
बीडीए उपाध्यक्ष बोलीं- सुरक्षा से कोई समझौता नहीं
बीडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए ऐसे संयुक्त अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।
