राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: आठों आरोपियों के घर पुलिस की एक साथ दबिश, जुटाए जा रहे साक्ष्य
एफआईआर और गिरफ्तारी के बाद जांच तेज, परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ, अब तक 79 लाख रुपये बरामद
अयोध्या: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने रविवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए सभी आठ आरोपियों के घरों पर एक साथ दबिश दी। पुलिस की अलग-अलग टीमें एक साथ आरोपियों के आवासों पर पहुंचीं और परिजनों से पूछताछ करने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के बयान भी दर्ज किए। मामले की विवेचना को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
आरोपियों के घरों की ली गई तलाशी
पुलिस टीम अनुकल्प मिश्रा, अविनाश शुक्ला, मनीष यादव, रामशंकर उर्फ टिन्नू यादव समेत अन्य आरोपियों के घरों पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान घरों की तलाशी ली गई और मौजूद परिजनों से पूछताछ की गई। साथ ही आसपास के लोगों से भी घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई गई।
पड़ोसियों के बयान भी किए जा रहे दर्ज
जांच के दौरान पुलिस स्थानीय लोगों को भी अपने बयान और उपलब्ध साक्ष्य प्रस्तुत करने का अवसर दे रही है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के घरों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा, ताकि जांच में किसी प्रकार की बाधा न आए।
किराये के मकान पर भी पहुंची पुलिस
कौशलपुरी फेस-1 स्थित आरोपी अविनाश शुक्ला के किराये के मकान पर भी पुलिस ने जांच की। कार्रवाई के दौरान मकान के प्रवेश मार्ग को सील कर पुलिस निगरानी में रखा गया और मौके पर गहन पड़ताल की गई।
अब तक 79 लाख रुपये की बरामदगी
पुलिस के अनुसार मामले में अब तक सात आरोपियों से करीब 79 लाख रुपये बरामद किए जा चुके हैं। इनमें सबसे अधिक करीब 20 लाख रुपये अविनाश शुक्ला के पास से बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस चोरी की पूरी रकम और अन्य साक्ष्यों की तलाश में जांच जारी रखे हुए है।
एसआईटी रिपोर्ट के बाद दर्ज हुई थी एफआईआर
गौरतलब है कि 6 जून को राम मंदिर के चढ़ावे की धनराशि में कथित चोरी का मामला सामने आया था। इसके बाद मंदिर ट्रस्ट की सिफारिश पर उत्तर प्रदेश सरकार ने एसआईटी का गठन किया। एसआईटी की रिपोर्ट मिलने के बाद मंदिर ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर गणना प्रक्रिया से जुड़े आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।
चढ़ावा धनराशि में गबन का आरोप
एफआईआर के अनुसार एसआईटी जांच में प्रथम दृष्टया सामने आया कि चढ़ावा गणना प्रक्रिया में लगे कुछ कर्मियों ने भेंट एवं चढ़ावा धनराशि का गबन किया। जांच में पर्यवेक्षणीय भूमिका निभाने वाले सुभाष श्रीवास्तव और महासचिव चंपत राय के चालक रामशंकर उर्फ टिन्नू की भूमिका भी सामने आने के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया था। अब पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।
