भुता के फैजनगर गांव में 11 सितंबर से लापता था पप्पू, पत्नी ने 15 सितंबर को दर्ज कराई थी गुमशुदगी, पुलिस ने जांच के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर शव बरामद
बरेली: यूपी के बरेली में पति की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी और एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामला भुता थाना क्षेत्र के फैजनगर गांव का है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि महिला ने कथित तौर पर अपने पति के पैर पकड़े और उसके परिचित राजा ने प्लास्टिक की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को बोरे में भरकर झाड़ियों में फेंकने की बात सामने आई है।
11 सितंबर को अचानक लापता हुआ था पप्पू
बताया गया कि पप्पू 11 सितंबर को गांव से अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उसकी पत्नी नगरिगस ने 15 सितंबर को भुता थाने में पप्पू की गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।
जांच में परिचित युवक पर पहुंचा शक
पुलिस की जांच के दौरान कुछ ऐसे तथ्य सामने आए, जिनके आधार पर पप्पू की पत्नी से पूछताछ की गई। बताया जा रहा है कि गुमशुदगी दर्ज कराने के अगले दिन महिला ने अपने परिचित राजा पर पति की हत्या का शक जताया था। इसके बाद पुलिस ने राजा को हिरासत में लेकर पूछताछ की और दोनों के बीच संबंधों समेत मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों से मिली जानकारी के आधार पर हत्या का मामल सामने आया और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक ऐसे दिया गया वारदात को अंजाम
पुलिस पूछताछ में कथित तौर पर सामने आया कि महिला ने अपने पति के पैर पकड़ लिए थे, जबकि राजा ने प्लास्टिक की रस्सी से उसका गला कस दिया। पुलिस के अनुसार, इसके बाद पप्पू की मौत हो गई। शव को ठिकाने लगाने के लिए पहले उसे बहगुल नदी में फेंकने की बात सामने आई, लेकिन बाद में शव को बोरे में भरकर झाड़ियों में फेंक दिया गया।
निशानदेही पर बरामद हुआ शव
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में दोनों के बयान में विरोधाभास सामने आए। इसमें बाद में पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उनकी निशानदेही पर पप्पू का शव झाड़ियों से बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।वहीं फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत के कारण और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति और स्पष्ट होगी।
पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच
एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने मीडिया को बताया कि इस मामले में पुलिस जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने पत्नी नगरिगस और राजा को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
