भोजीपुरा के हंसा सरौरा गांव की घटना, चार बच्चों की मां ने पति पर लगाया गंभीर आरोप, लोन चुकाने में मदद करने वाले युवक को लेकर हुआ विवाद
बरेली : यूपी के बरेली देहात के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के हंसा सरौरा गांव में घरेलू विवाद और शक की वजह से एक महिला के साथ कथित रूप से बेहद गंभीर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर गुस्से में उसकी नाक को दांतों से काट लिया। महिला की तहरीर पर भोजीपुरा पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस को दी गई शिकायत में नीतू देवी ने बताया कि करीब 20 वर्ष पहले उसकी शादी सर्वेश से हुई थी। दंपति के चार बच्चे हैं। महिला का कहना है कि उसका पति कोई काम नहीं करता, इसलिए परिवार का खर्च चलाने के लिए वह एक होटल में नौकरी करती है।
लोन की किस्त को लेकर विवाद
पीड़िता के अनुसार, कुछ समय पहले उसके पति ने लोन लिया था। लोन की किस्त जमा करने के लिए पवन नामक युवक ने अपनी बाइक गिरवी रखकर 27 हजार रुपये की मदद की थी। महिला का आरोप है कि इसी बात को लेकर उसके पति को उस पर शक हो गया और आए दिन विवाद होने लगा। शिकायत के मुताबिक 7 जुलाई 2026 की सुबह करीब 5 बजे पति ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि गुस्से में उसने पत्नी की नाक को दांतों से काट लिया, जिससे उसका एक नथुना गंभीर रूप से घायल हो गया।
पति पर घर में कैद का आरोप
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद पति उसे घर से बाहर नहीं निकलने दे रहा था और पुलिस में शिकायत करने से रोक रहा था। साथ ही उसे और पवन को जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसी डर के कारण वह तत्काल पुलिस के पास नहीं जा सकी। भोजीपुरा पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
