गला रेतकर की गई थी युवक की हत्या, आरोपियों की निशानदेही पर बरामद हुआ हत्या में प्रयुक्त हथियार
मुरादाबाद: भोजपुर थाना पुलिस ने युवक अहमान हसन उर्फ रितिक की गला रेतकर की गई हत्या के मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल भी बरामद कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह भोजपुर थाना क्षेत्र के ताजपुर गांव में मुगलपुरा थाना क्षेत्र निवासी अहमान हसन उर्फ रितिक का शव मिला था। युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई थी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी संजय कुमार पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तनवीर और फैज के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम का गठन किया गया।
थाना प्रभारी संजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।