बरेली : जिले में भिटौरा रेलवे फाटक के पास बृहस्पतिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रेन की चपेट में आने से दो ट्रेन अटेंडेंट की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों अटेंडेंट एक ट्रेन से उतरकर रेलवे पटरी पर खड़े थे। इसी दौरान दूसरी लाइन से गुजर रही ट्रेन की चपेट में दोनों आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
ट्रेन से उतरकर पटरी पर खड़े थे दोनों अटेंडेंट
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 04014 लोकहा बाजार, जो आनंद विहार से लोकहा बाजार जा रही थी, भिटौरा फाटक पर रुकी थी। इसी ट्रेन में दीपक चौहान और बिमलेश कुमार त्रिवेदी उर्फ साजन ट्रेन अटेंडेंट के तौर पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि दोनों ट्रेन से नीचे उतरकर रेलवे पटरी पर खड़े हो गए थे। इसी दौरान मुरादाबाद की ओर से आ रही ट्रेन संख्या 18104 अमृतसर-टाटानगर नॉन-स्टॉप की चपेट में दोनों आ गए।
हादसे में दोनों की मौके पर मौत
हादसा इतना भीषण था कि दोनों ट्रेन अटेंडेंट की जान चली गई। घटना की जानकारी मिलते ही फतेहगंज पश्चिमी थाने के उपनिरीक्षक प्रदीप सैनी, हेड कांस्टेबल नरेंद्र सिंह और कांस्टेबल प्रभास कुमार मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद बरेली जंक्शन से जीआरपी की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस और जीआरपी ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा संबंधी कार्रवाई शुरू की।
इटावा और रायबरेली के रहने वाले थे मृतक
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान दीपक चौहान (26) पुत्र सुमेर सिंह, निवासी नवादा, थाना लवेदी, जिला इटावा के रूप में हुई है। दूसरे मृतक की पहचान बिमलेश कुमार त्रिवेदी उर्फ साजन (28) निवासी गांव एवं थाना गुरबक्शगंज, जिला रायबरेली के रूप में हुई। दोनों ही रेलवे में ट्रेन अटेंडेंट के तौर पर काम करते थे। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी।
जीआरपी ने शुरू की आगे की कार्रवाई
हादसे के बाद जीआरपी ने पंचनामा संबंधी कार्रवाई पूरी कराई। पुलिस मामले की आवश्यक जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों कर्मचारी ट्रेन से उतरने के बाद पटरी पर मौजूद थे और दूसरी लाइन से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
