बरेली: ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर विवाद के बाद जुमे की नमाज के बाद भड़के बरेली बवाल में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। रविवार को पुलिस ने 15 और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा, जिनमें 13 आरोपी कोतवाली क्षेत्र से और 2 आरोपी बारादरी थाना क्षेत्र से हैं। इन दोनों बारादरी के आरोपियों पर पुलिस टीम पर एसिड अटैक करने का आरोप है। इसके साथ ही, अब तक इत्तेहाद-ए-मिल्लत कौंसिल (आईएमसी) के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां समेत कुल 27 आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि 26 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस पर हमला और एसिड अटैक
एसपी सिटी मानुष परीक ने प्रेसवार्ता में बताया कि शुक्रवार को बिना अनुमति जुलूस निकालकर भीड़ ने पुलिस पर पथराव और फायरिंग की थी। इसमें 22 पुलिसकर्मी घायल हुए थे। कोतवाली में 5, बारादरी में 2 और किला, कैंट व प्रेमनगर थाने में एक -एक एफआईआर दर्ज की गई थी। कुल 125 नामजद और 3000 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज है।
चोटी कटवा को भी भेजा जेल
पुलिस ने बताया कि चक महमूद निवासी मोईन उर्फ चोटी कटवा और फैजुल ने श्यामगंज चौराहे पर भीड़ के साथ मिलकर पुलिस पर एसिड अटैक किया था। दोनों ने हिंसा भड़काने के लिए ‘सिर तन से जुदा’ के नारे लगाए और बैरियर पर चढ़कर पुलिसकर्मियों पर बोतलें फेंकीं।
गिरफ्तार आरोपियों की लिस्ट
पुलिस ने जिन 15 लोगों को जेल भेजा है, उनमें शामिल हैं। कोतवाली क्षेत्र से अदनान रजा, फरहान रजा, अहमद रजा, तकीम, जुबैर, सईद अहमद, साहिल, कोहिनूर, अदनान, अफरोज, अरहान, सलमान, रेहान। बारादरी थाना क्षेत्र से मोईन उर्फ चोटी कटवा, फैजुल को पकड़ा है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ईंट-पत्थर, कारतूस, खोखे और एक तमंचा भी बरामद किया है।
आरोपी बोले- बहकावे में आ गए थे
पुलिस ने मीडिया के सामने आरोपियों को पेश किया, तो ज्यादातर नौजवान आरोपियों ने माफी मांगी, और कहा कि वे बहकावे में आ गए थे, अब जीवन में कभी ऐसा कदम नहीं उठाएंगे। पुलिस के अनुसार, मोईन उर्फ चोटी कटवा का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है, और वह पहले भी माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर चुका है।
प्रशासन का सख्त रुख
बरेली बवाल की जांच के लिए SIT गठित की जा चुकी है। पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के जरिए अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि अब तक की कार्रवाई साफ दिखाती है कि सरकार और पुलिस इस बार सख्त रुख में हैं और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
