मायके पक्ष की शिकायत पर डीएम के निर्देश से हुई थी कब्र की खुदाई, मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया, रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
बरेली : यूपी के बरेली देहात के बहेड़ी थाना क्षेत्र में सात दिन पहले दफनाई गई 50 वर्षीय महिला तबस्सुम के शव को प्रशासन ने कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रविवार को शव को दोबारा कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। यह कार्रवाई मृतका के मायके पक्ष द्वारा जहर देकर हत्या और बिना सूचना दिए जल्दबाजी में दफनाने के आरोप लगाए जाने के बाद की गई। अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
12 जुलाई को हुई थी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
जानकारी के अनुसार, बहेड़ी थाना क्षेत्र के मोहल्ला बाजार निवासी मोहम्मद ताहिर की 50 वर्षीय पत्नी तबस्सुम की 12 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उसी दिन परिजनों ने स्थानीय कब्रिस्तान में इस्लामी रीति-रिवाज के अनुसार उनका अंतिम संस्कार कर शव को दफना दिया था। मृतका का मायका उत्तराखंड के हल्द्वानी में है।
मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका के भाई डॉ.जहीम इलियास का आरोप है कि उन्हें बहन की मौत की सूचना तक नहीं दी गई। उनका कहना है कि ससुराल पक्ष ने जल्दबाजी में शव को दफनाकर मामले के साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि तबस्सुम को जहर देकर मौत के घाट उतारा गया और इसी वजह से बिना मायके पक्ष को सूचना दिए अंतिम संस्कार कर दिया गया।
डीएम के निर्देश पर कब्र की खुदाई
16 जुलाई को डॉ. जहीम इलियास ने डीएम अविनाश सिंह से शिकायत कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने एसएसपी अनुराग आर्य को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद शनिवार को एसएसपी के निर्देश पर बहेड़ी पुलिस ने नायब तहसीलदार की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कराई। पूरी प्रक्रिया भारी पुलिस बल की मौजूदगी और वीडियोग्राफी के बीच कराई गई। शव को बाहर निकालकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पोस्टमार्टम के बाद दोबारा दफनाया शव
पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद रविवार को तबस्सुम के शव को दोबारा उसी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को कानूनी प्रावधानों के तहत संपन्न कराया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
बहेड़ी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मायके पक्ष की शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
