परोही फाटक के पास गलत दिशा से आ रहे ट्रक ने बाइक में मारी जोरदार टक्कर, दोनों मृतकों की देर शाम तक नहीं हो सकी शिनाख्त
बरेली : यूपी के बरेली देहात के बहेड़ी में फोरलेन पर परोही फाटक के पास रविवार देर शाम तेज रफ्तार ट्रक और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। देर शाम तक दोनों मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। जानकारी के अनुसार, बाइक संख्या UP 25 BU 2973 पर सवार दो युवक बहेड़ी की ओर से किच्छा की तरफ जा रहे थे। बताया गया कि परोही फाटक के पास किच्छा की ओर से गलत दिशा में आ रहे ट्रक संख्या UP 26 T 0623 ने सामने से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन दोनों युवक दम तोड़ चुके थे।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजे, जांच शुरू
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है।
फरार चालक की तलाश, पहचान कराने में जुटी पुलिस
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से चालक की पहचान करने में जुटी है। साथ ही दोनों मृतकों की पहचान कराने के लिए भी पुलिस प्रयास कर रही है। इंस्पेक्टर ने दी जानकारी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि परोही फाटक के पास ट्रक और बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत हुई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और मृतकों की शिनाख्त कराने के प्रयास जारी हैं।
