ड्रोन, पक्षियों और जलभराव से लेकर बंदर-कुत्तों तक पर होगी निगरानी, हाईराइज भवनों की सूची तैयार होगी, प्रशासन और एयरफोर्स करेंगे संयुक्त मॉक ड्रिल
बरेली : एयरफोर्स स्टेशन के आसपास हवाई उड़ानों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन और वायुसेना ने निगरानी और व्यवस्थाओं को और मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। मण्डलायुक्त (कमिश्नर) शम्भू कुमार की अध्यक्षता में आयुक्त कार्यालय सभागार में एयरफोर्स की हवाई क्षेत्र में पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठक हुई। इसमें विमानों की उड़ान के दौरान संभावित खतरों और उनके प्रभावी निस्तारण पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में वायुसेना के सुरक्षा प्रतिनिधियों ने बताया कि पक्षियों की बढ़ती गतिविधि, अनधिकृत निर्माण, ड्रोन और एयरफील्ड के आसपास जलभराव व कूड़ा डंपिंग जैसी समस्याएं उड़ान सुरक्षा के लिए चुनौती बन सकती हैं। इन समस्याओं को नियंत्रित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बर्ड एक्टिविटी और ड्रोन पर विशेष निगरानी
एयरफोर्स स्टेशन के निकट चावड़, भूड़ा, नैनीताल हाईवे और दिल्ली हाईवे के आसपास बड़ी संख्या में पक्षियों की गतिविधि की समस्या सामने आई।अधिकारियों ने बताया कि पक्षियों की मौजूदगी विमानों की उड़ान के लिए जोखिम पैदा कर सकती है। वहीं नवंबर-दिसंबर के दौरान शादी और पार्टियों में वीडियोग्राफी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल बढ़ने से भी एयरफोर्स क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी चिंता रहती है। प्रशासन और पुलिस को ऐसे मामलों पर प्रभावी निगरानी और कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बिना अनुमति ऊंचे निर्माण पर भी रोक
बैठक में एयरफोर्स क्षेत्र के आसपास निर्धारित मानकों से अधिक ऊंचाई वाले मकानों और अन्य निर्माण कार्यों की समस्या पर भी चर्चा हुई। निर्देश दिए गए कि बरेली विकास प्राधिकरण की अनुमति के बिना एयरफोर्स क्षेत्र के आसपास निर्माण कार्य न होने दिया जाए। इसके साथ ही एयरफोर्स क्षेत्र के आसपास बने हाईराइज भवनों की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि मानकों का उल्लंघन करने वाले निर्माणों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
10 किलोमीटर के दायरे में मीट की दुकानों पर सख्ती
विमान उड़ान क्षेत्र में पक्षियों की गतिविधि को नियंत्रित करने के लिए एयरफोर्स क्षेत्र के 10 किलोमीटर के दायरे में खुले में मीट की दुकानें संचालित न करने के निर्देश दिए गए। मीट की दुकानों से निकलने वाले अवशेषों का भी नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित कराने को कहा गया, ताकि आसपास पक्षियों का जमावड़ा न हो। इसके अलावा एयरफोर्स क्षेत्र के आसपास अनधिकृत वेंडरों की दुकानें हटाने और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
जलभराव और ड्रेनेज की समस्या दूर करने पर जोर
बैठक में एयरफोर्स स्टेशन के आसपास जलभराव और खराब ड्रेनेज की समस्या भी उठी। करमपुर चौधरी और ग्राम चावड़ में पानी की निकासी की व्यवस्था जल्द दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। कमिश्नर ने चावड़ में आरआरसी सेंटर के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित कर जानकारी उपलब्ध कराने को कहा एयरफोर्स क्षेत्र के आसपास सफाई व्यवस्था बेहतर करने के लिए सफाई कर्मचारियों के माध्यम से नियमित और प्रभावी सफाई कराने के निर्देश भी दिए गए।
21.5 लाख टन कूड़े में 17.5 लाख टन का निस्तारण
बैठक में अपर नगर आयुक्त ने बताया कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में करीब 21.5 लाख टन कूड़ा था, जिसमें से करीब 17.5 लाख टन कूड़े का निस्तारण किया जा चुका है। शेष कूड़े के निस्तारण की प्रक्रिया भी जारी है। उन्होंने बताया कि सथरापुर में एक नया मैनेजमेंट प्लांट तैयार हो रहा है। इसके शुरू होने के बाद कूड़ा प्रबंधन की व्यवस्था और बेहतर होने की उम्मीद है।
बंदर और कुत्तों की बढ़ती संख्या पर बनेगा एक्शन प्लान
एयरफोर्स क्षेत्र के आसपास बंदरों और कुत्तों की बढ़ती संख्या का मुद्दा भी बैठक में उठा। इस पर नगर निगम को इन्हें पकड़ने और नियंत्रित करने के लिए एक्शन प्लान तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन का उद्देश्य एयरफोर्स क्षेत्र के आसपास ऐसे सभी संभावित कारकों को नियंत्रित करना है, जिनसे विमानों की उड़ान के दौरान किसी तरह का खतरा पैदा हो सकता है।
दुर्घटना की स्थिति में संयुक्त मॉक ड्रिल की तैयारी
बैठक में किसी संभावित विमान दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन और एयरफोर्स स्टाफ की संयुक्त मॉक ड्रिल कराने की योजना भी बनाई गई। इसका उद्देश्य दुर्घटना की स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और राहत-बचाव व्यवस्था को प्रभावी बनाना है। बैठक में एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी,बीडीए वीसी सौम्या पाण्डेय,एसपी सिटी मानुष पारेख सहित एयरफोर्स स्टेशन बरेली के एयर कमांडर, स्टेशन एयरोस्पेस सेफ्टी अधिकारी विंग कमांडर मानिक भल्ला, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी ग्रुप कैप्टन कर्मकार, प्रशासनिक सुरक्षा निरीक्षण अधिकारी पूर्वी श्रीवास्तव, बरेली एयरपोर्ट के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
