मृतका का फाइल फोटो
चाचा पर नशे में गाली-गलौज और मारपीट का आरोप,परिजनों का दावा- घटना से पहले किशोरी ने थाने में की थी शिकायत
बरेली : शहर के सुभाषनगर थाना क्षेत्र के गणेश नगर बंशी नगला में 17 वर्षीय किशोरी की आत्महत्या के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका की पहचान नैन्सी कश्यप के रूप में हुई है। परिजनों ने किशोरी के चाचा सचिन कश्यप उर्फ राजा पर नशे की हालत में आए दिन गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। परिवार का यह भी दावा है कि घटना वाले दिन नैन्सी ने खुद सुभाषनगर थाने पहुंचकर शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते कार्रवाई नहीं की। हालांकि, पुलिस की भूमिका और घटना के पीछे की परिस्थितियों की जांच होना अभी बाकी है। परिजनों के मुताबिक, संजीव कश्यप का छोटा भाई सचिन कश्यप उर्फ राजा भी उनके साथ रहता है।आरोप है कि वह नशे की हालत में अक्सर घर में विवाद करता था और परिवार के सदस्यों के साथ अभद्रता व मारपीट करता था। संजीव का आरोप है कि सचिन उनकी बेटी नैन्सी के साथ भी गाली-गलौज और मारपीट करता था।
शिकायत लेकर थाने पहुंची थी किशोरी, कार्रवाई न होने का आरोप
संजीव कश्यप ने आरोप लगाया कि 8 नवंबर की शाम करीब छह से सात बजे के बीच सचिन कथित तौर पर नशे की हालत में घर पहुंचा और नैन्सी के साथ गाली-गलौज व मारपीट की। इस दौरान उसकी पत्नी गौमती देवी के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। परिजनों का कहना है कि विवाद के दौरान किशोरी को अपमानित करने वाली बातें भी कही गईं। इसके बाद नैन्सी शिकायत लेकर सुभाषनगर थाने पहुंची और अपने साथ हुई घटना की तहरीर दी। मृतका के पिता का दावा है कि नैन्सी ने अपने हाथ से शिकायत लिखकर पुलिस को दी थी, लेकिन शिकायत के बाद भी पुलिस तत्काल मौके पर नहीं पहुंची। परिवार का आरोप है कि पुलिस की ओर से समय रहते कार्रवाई नहीं किए जाने के बाद घर में फिर विवाद हुआ। हालांकि, थाने में दी गई शिकायत और पुलिस की कार्रवाई से जुड़े तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
रात में कमरे में मृत मिली किशोरी
परिजनों के मुताबिक, रात करीब 9:30 बजे नैन्सी घर के ऊपरी कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिवार के लोगों ने दरवाजा खोला तो वह कमरे में फंदे पर लटकी मिली। परिजन उसे तत्काल नीचे उतारकर जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई।
मां-पिता ने लगाए गंभीर आरोप, कार्रवाई की मांग
नैन्सी की मां गौमती देवी ने आरोप लगाया कि उन्होंने शाम करीब 6:30 बजे थाने पहुंचकर शिकायत की थी। उनका कहना है कि यदि पुलिस समय रहते घर पहुंचकर कार्रवाई करती तो शायद यह घटना टल सकती थी। वहीं, पिता संजीव कश्यप ने बताया कि वह मिठाई लेने गए थे। इसी दौरान उनके भाई ने कथित तौर पर नशे में विवाद किया। संजीव का आरोप है कि बच्चों ने जब अपने पिता के साथ हो रही गाली-गलौज का विरोध किया तो सचिन ने नैन्सी के बाल पकड़कर उसके साथ मारपीट की और उनकी पत्नी को भी लात मारी। पीड़ित पिता ने आरोपी चाचा के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि परिवार लंबे समय से घरेलू विवाद और कथित मारपीट से परेशान था।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
इस घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किशोरी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब जांच में यह स्पष्ट होना है कि घटना से पहले थाने में दी गई शिकायत पर क्या कार्रवाई हुई थी और ल पारिवारिक विवाद की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही पुलिस की कथित लापरवाही की भी जांच कराने की मांग की है।
