पथरी के ऑपरेशन की फीस को लेकर हुआ विवाद, मरीज और परिजनों ने अस्पताल का घेराव कर कार्रवाई की मांग की
बदायूं: शहर के इंदिरा चौक स्थित रामा हॉस्पिटल में शनिवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब पथरी के ऑपरेशन के लिए पहुंचे एक मरीज और उसके परिजनों ने डॉक्टर एवं अस्पताल स्टाफ पर मारपीट का गंभीर आरोप लगाया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए और अस्पताल का घेराव कर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पीड़ित देव पाठक, निवासी बदायूं, ने आरोप लगाया कि वह अपने माता-पिता के साथ पथरी का ऑपरेशन कराने रामा हॉस्पिटल पहुंचे थे। उनके अनुसार डॉक्टर ने ऑपरेशन का खर्च 40 हजार रुपये बताया। जब उन्होंने फीस में कुछ राहत देने का अनुरोध किया तो डॉक्टर नाराज हो गए।
देव पाठक का आरोप है कि डॉक्टर ने उनकी फाइल फेंकते हुए कहा, “पैसे नहीं होते तो यहां क्यों चले आते हो।” उन्होंने बताया कि जब उनके पिता ने डॉक्टर के व्यवहार पर आपत्ति जताई तो विवाद और बढ़ गया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि विवाद के दौरान डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ ने अस्पताल का मुख्य गेट बंद कर दिया और देव पाठक, उनके पिता तथा उनकी माता के साथ मारपीट की। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मामले में पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।