बदायूं : कछला गंगा घाट पर स्नान करना एक युवक के लिए मौत का कारण बन गया। फिरोजाबाद से अंतिम संस्कार में शामिल होने आए युवक की गंगा में डूबने से मौत हो गई। युवक चार दिन पहले गंगा में लापता हो गया था और अब उसका शव गंगा किनारे उतराता मिला है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक फिरोजाबाद जिले के थाना जसराना क्षेत्र के मोहल्ला कूचा निवासी 40 वर्षीय विजय सिंह उर्फ मनु पुत्र राधा कृष्ण 9 मई 2026 को अपने मोहल्ले के शिक्षक बसंत कुमार के अंतिम संस्कार में शामिल होने बदायूं के कछला गंगा घाट पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए करीब 150 लोग वहां आए थे। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कई लोग गंगा स्नान करने पहुंचे। इसी दौरान विजय सिंह भी स्नान के लिए गंगा में उतरे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्नान करते समय वह धीरे-धीरे गहरे पानी की तरफ चले गए। जब तक आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, तब तक विजय सिंह पानी में डूब चुके थे।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथ आए लोगों और स्थानीय लोगों ने युवक को बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई, लेकिन कई घंटों तक कोई सुराग नहीं मिला। घटना के बाद परिजनों ने युवक की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पिछले चार दिनों से पुलिस, गोताखोर और परिवार के लोग लगातार गंगा में युवक की तलाश कर रहे थे। परिजन हर दिन किसी चमत्कार की उम्मीद लगाए घाट पर पहुंच रहे थे, लेकिन मंगलवार शाम उनकी उम्मीद टूट गई।
मंगलवार शाम करीब चार बजे गंगा किनारे एक शव उतराता दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया गया। पहचान होने पर पता चला कि शव विजय सिंह उर्फ मनु का ही है, जो चार दिन पहले गंगा में डूब गए थे। शव मिलने की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, वहां चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घाट पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कछला गंगा घाट पर हर साल बड़ी संख्या में लोग स्नान करने आते हैं, लेकिन घाट के कई हिस्सों में गहराई ज्यादा होने के कारण हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि घाट पर सुरक्षा के बेहतर इंतजाम किए जाएं और खतरनाक जगहों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं विजय सिंह की मौत के बाद उनके परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिवार के लोगों का कहना है कि वह अंतिम संस्कार में शामिल होने आए थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह यात्रा उनकी जिंदगी की आखिरी यात्रा बन जाएगी।
रिपोर्ट: आसिम अली
