बदायूं : बदायूं में महिला आरक्षण को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गरमाता नजर आ रहा है। महिला जन-आक्रोश अभियान के तहत बुधवार को चौथे दिन भी भाजपा महिला मोर्चा और महिला कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के सांसद आदित्य यादव के आवास के निकट जोरदार प्रदर्शन किया। लक्ष्मीबाई चौक और डीएम चौराहे पर आयोजित इस धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया और महिला आरक्षण के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन में खास तौर पर बिसौली विधानसभा क्षेत्र की महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए महिलाओं ने केंद्र सरकार के महिला आरक्षण कानून के समर्थन में आवाज बुलंद की और विपक्षी दलों पर महिला विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 लागू कर महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का ऐतिहासिक फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि यह कदम महिलाओं को राजनीतिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा बदलाव है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल महिला आरक्षण के मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं और महिलाओं को उनका अधिकार मिलने से रोकना चाहते हैं। महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाले दलों की मानसिकता महिला विरोधी है और जनता सब देख रही है।
जिला उपाध्यक्ष सरिता वार्ष्णेय ने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने वाला ऐतिहासिक कदम है और इससे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और मजबूत होगी। जिला उपाध्यक्ष सीमा राठौर ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और राजनीति में भी उन्हें बराबर का अधिकार मिलना चाहिए।
महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अमिता उपाध्याय ने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने का यह फैसला देश की मातृशक्ति को सशक्त करेगा। उन्होंने कहा कि महिला जन-आक्रोश अभियान के जरिए भाजपा महिला मोर्चा घर-घर जाकर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर रहा है। जिला मंत्री रचना शंखधार ने कहा कि यह अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की आवाज है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब अपने अधिकारों को लेकर जागरूक हैं और हर स्तर पर अपनी भागीदारी चाहती हैं।
धरना-प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के समर्थन में नारे लगाए और महिला आरक्षण लागू करने के फैसले का स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही और पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान रीना राघव, रेनू अग्रवाल, अनीता शंखधार, प्रवेश सिन्हा, संगीता रस्तोगी, कृष्ण गुप्ता, सुलक्षणा पाठक, विनीता पाठक समेत बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
रिपोर्ट: आसिम अली, बदायूं
