वजीरपुर-कोठा मार्ग पर हुआ हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
बदायूं: जरीफनगर थाना क्षेत्र के वजीरपुर-कोठा मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में एक निजी नलकूप मिस्त्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार इस्लामनगर थाना क्षेत्र के नाचनी गांव निवासी अनिल कुमार पुत्र प्रेमपाल निजी नलकूप की मरम्मत का कार्य पूरा कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जरीफनगर क्षेत्र के वजीरपुर-कोठा मार्ग पर सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने की टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि अनिल कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं दूसरी बाइक पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर ले गए।
सूचना मिलते ही जरीफनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
रिपोर्ट: राजा खान, बदायूं