मुरादाबाद :मुरादाबाद में सोमवार को आजाद समाज पार्टी (ASP) का प्रबुद्ध जन सम्मेलन आयोजित हुआ। “अस्तित्व बचाओ और भाईचारा बनाओ” विषय पर केंद्रित इस कार्यक्रम में पार्टी अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
“किसान परेशान, नौजवान बेरोजगार” – चंद्रशेखर
चंद्रशेखर आजाद ने अपने संबोधन में बीजेपी सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में किसान यूरिया की किल्लत से जूझ रहे हैं, नौजवान बेरोजगारी का शिकार हैं और भर्ती घोटालों से निराशा फैल रही है। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि “राज्य में जंगलराज की स्थिति है और सरकार पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रही है।”
बरेली और फतेहपुर घटनाओं पर उठाए सवाल
सांसद चंद्रशेखर ने हाल ही में बरेली और फतेहपुर की घटनाओं का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में “दो कानून” चल रहे हैं।
उन्होंने “आई लव मोहम्मद” प्रकरण पर भी सरकार को घेरा और कहा कि यह जनता को असली मुद्दों से भटकाने की साजिश है।
हाईकोर्ट बेंच पर सरकार से सवाल
चंद्रशेखर आजाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से यह भी सवाल किया कि “ट्रिपल इंजन सरकार” होने के बावजूद अब तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश को हाईकोर्ट की बेंच क्यों नहीं दी गई।
पंचायत चुनाव में जीत का दावा
आजाद ने दावा किया कि जनता का उनकी पार्टी को व्यापक समर्थन मिल रहा है और आने वाले पंचायत चुनाव में ASP बड़ी जीत दर्ज करेगी।
