बरेली : यूपी के बरेली में 26 सितंबर को जुमे की नमाज के बाद श्यामगंज फल मंडी के पास हुई हिंसा और पुलिस पर फायरिंग के मामले में बारादरी पुलिस ने आरोपी आरिफ निवासी हजियापुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे शनिवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की और अदालत में पेश किया। बताया जाता है कि आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा के आह्वान पर इस्लामिया इंटर कॉलेज में लोगों के जुटने की अपील की गई थी। प्रशासन ने दुर्गा पूजा, दशहरा और उर्स के मद्देनजर इस कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी थी। बावजूद इसके कुछ लोग जुमा की नमाज के बाद जुलूस निकालने की कोशिश में लगे थे। पुराना शहर सैलानी इलाके में उपद्रव के दौरान दोपहर करीब साढ़े तीन बजे, अनीस सकलैनी, साजिद सकलैनी और नदीम के नेतृत्व में 100-150 लोग आपत्तिजनक नारे लगाते हुए आगे बढ़े। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति बिगड़ती देख हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इस मामले में थाना बारादरी में 14 नामजद और 100 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
दूसरी घटना फल मंडी में
कुछ घंटे बाद उपद्रवी फिर एकजुट होकर फल मंडी की ओर बढ़े। बताया गया कि उनके पास तख्तियां, अवैध हथियार और एसिड की बोतलें थीं। नदीम और अनीस सकलैनी के उकसाने पर भीड़ ने पुलिस पर पथराव, एसिड बोतलें और फायरिंग की। इस दौरान थाना प्रभारी बारादरी के हमराह सिपाही सिद्धांत चौधरी के हाथ में गोली की रगड़ लगी और वर्दी जल गई। सिपाही आदित्य प्रताप सिंह भी घायल हुआ। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया। इस दौरान 12 बोर की फायर की गई कारतूस, एसिड बोतलों के टुकड़े, ईंट-पत्थर और चप्पलें बरामद की है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरिफ की पूछताछ जारी है और अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने साफ किया कि हिंसा और पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
