बरेली : यूपी के बरेली शहर के सुभाषनगर थाना क्षेत्र की प्रगति नगर में शनिवार दोपहर 18 वर्षीय इंटरमीडिएट छात्र अंकित शर्मा ने अपने घर के कमरे में खुद को गोली मार ली। घटना के समय घर में चीख-पुकार मच गई। परिवार ने कमरे में जाकर देखा तो अंकित खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। परिजनों के मुताबिक, दोपहर करीब 12 बजे अंकित अपने कमरे में गया था। कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी। छोटा भाई अर्जुन दौड़ता हुआ कमरे में पहुंचा और यह दृश्य देखकर स्तब्ध रह गया। आनन -फानन में परिवार ने पुलिस को सूचना दी, जो तुरंत मौके पर पहुंची।
मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा
अंकित शर्मा तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। वह इंटरमीडिएट का छात्र था और साथ में कारपेंटर का काम भी करता था। घटना के बाद पूरे घर में मातम का माहौल है। मां राखी शर्मा का रो-रोकर बुरा हाल है। घर के लोग सदमे में हैं और समझ नहीं पा रहे कि अंकित ने यह कदम क्यों उठाया।
जांच में जुटी पुलिस
सुभाषनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल आत्महत्या की वजह का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पड़ताल कर रही है कि अंकित ने यह कदम क्यों उठाया।
