नई दिल्ली: गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई और उसके सबसे भरोसेमंद साथी अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से डिपोर्ट किए जाने के तुरंत बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने गिरफ्तार कर लिया। अनमोल को मंगलवार को अमेरिका ने भारत सौंपा था और जैसे ही वह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा, एनआईए की टीम ने उसे हिरासत में ले लिया। अनमोल बिश्नोई पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप है। उसके खिलाफ कई राज्यों में संगीन अपराधों के मामले दर्ज हैं।
NIA की जांच में यह सामने आया था कि 2020 से 2023 के बीच अनमोल ने नामित आतंकवादी गोल्डी बराड़ और लॉरेंस बिश्नोई की सक्रिय रूप से मदद की। मार्च 2023 में एनआईए ने उसके खिलाफ आरोपी-पत्र भी दाखिल किया था। जांच एजेंसी का कहना है कि अनमोल विदेश में रहते हुए भी बिश्नोई गिरोह के लिए अमेरिका से आतंकवादी सिंडिकेट संचालित कर रहा था। उसने भारत में अपने गुर्गों और शूटरों को आश्रय, फंडिंग और रसद सहायता उपलब्ध कराई थी। वह अन्य गैंगस्टरों के साथ मिलकर भारत में जबरन वसूली के नेटवर्क को भी चला रहा था। एनआईए फिलहाल RC 39/2022/NIA/DLI, यानी लॉरेंस बिश्नोई के नेतृत्व वाले आतंकी–गैंगस्टर गठजोड़ मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। इस केस का उद्देश्य आतंकियों, गैंगस्टरों और हथियार तस्करों की संयुक्त फंडिंग और नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करना है।
पीड़ित परिवार को मिला अमेरिका का मेल
बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी को भी अमेरिकी अधिकारियों की ओर से आधिकारिक ईमेल भेजा गया है, जिसमें अनमोल बिश्नोई के डिपोर्ट होने की जानकारी दी गई है। जीशान ने कहा कि वे इस मेल को किस संकेत में लें, यह कहना मुश्किल है, लेकिन उन्हें बताया गया है कि अपराधी को भारत भेज दिया गया है। अमेरिकी एजेंसियों ने यह अपडेट इसलिए दिया क्योंकि उनका ईमेल पीड़ित परिवार के तौर पर पंजीकृत है।
12 अक्टूबर 2024 – हत्या की साजिश और कार्रवाई
एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर 2024 को मुंबई के बांद्रा स्थित कार्यालय के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मुंबई पुलिस अब तक इस केस में 26 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। चार्जशीट में अनमोल बिश्नोई को मुख्य साजिशकर्ता बताया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के फोन से बरामद कई वॉइस क्लिप्स की जांच में उनकी आवाज अनमोल की रिकॉर्डिंग से मेल खाती पाई गई थी। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि विदेश में बैठे अनमोल ने ही हत्या की पूरी योजना को दिशा दी। ऑडियो क्लिप्स में वह अपने साथियों को हत्या करने के निर्देश देता सुना गया है। पुलिस ने इन सबूतों को चार्जशीट में शामिल किया है।
