गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर जिले में सोमवार देर रात पशु तस्करों ने NEET की तैयारी कर रहे 19 वर्षीय छात्र दीपक गुप्ता की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। गुस्साई भीड़ ने एक वाहन में आग लगा दी और सड़क जाम कर दी। हालात को काबू में करने के लिए कई थानों की पुलिस और PAC तैनात करनी पड़ी।
तस्करों के पीछे दौड़ा छात्र
देखें वीडियो 👇🏻
https://youtu.be/J__JrZLd1Jg?si=Qv075vvH72MkC-f2
सोमवार रात करीब 12:30 बजे पिपराइच थाना क्षेत्र के महुआ छापर गांव में दो गाड़ियों से पहुंचे पशु तस्कर मवेशियों को खूंटे से खोलकर ले जाने लगे। शोर सुनकर ग्रामीण जाग गए और उन्होंने तस्करों का पीछा किया। इस दौरान गांव का रहने वाला दीपक गुप्ता (19), पुत्र दुर्गेश गुप्ता भी उनके पीछे दौड़ा।
चलती गाड़ी से फेंका शव
ग्रामीणों के हंगामे के बीच तस्करों ने दीपक को पकड़कर जबरन अपने डीसीएम वाहन में बैठा लिया। कुछ दूरी तक ले जाने के बाद उसे चलती गाड़ी से धक्का दे दिया। गंभीर सिर की चोट लगने से दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद गुस्साई भीड़ ने एक डीसीएम वाहन को आग के हवाले कर दिया, जबकि तस्कर दूसरी गाड़ी से भागने में सफल रहे।
पुलिस कर्मी घायल
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस को भी हालात संभालने में मुश्किलें आईं। भीड़ को काबू करने की कोशिश में कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी का इलाज अस्पताल में चल रहा है। मंगलवार सुबह भी गुस्साए ग्रामीणों ने गोरखपुर-पिपराइच रोड पर जाम लगा दिया।
SSP का बयान
एसएसपी गोरखपुर ने बताया कि पशु तस्करों का पीछा करते समय युवक को उनकी गाड़ी में बैठा लिया गया और बाद में धक्का दे दिया गया। प्रथम दृष्टि में सिर की चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है। गोली लगने की आशंका को फिलहाल नकारा गया है। परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अंतिम निर्णय पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही लिया जाएगा।
गांव में मातम, पुलिस की तैनाती
दीपक गुप्ता की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इलाके में तनाव को देखते हुए चार थानों की पुलिस और PAC तैनात की गई है। एसएसपी ने बताया कि तस्करों की तलाश के लिए पांच टीमों को लगाया गया है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
