बिहार: विधानसभा चुनाव 2025 में सियासी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को खगड़िया में एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। छठ पर्व के अवसर पर आयोजित इस सभा में अमित शाह ने बिहार के विकास, सुरक्षा और सुशासन पर जोर देते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला।
बिहार कभी जंगलराज का शिकार नहीं होगा – अमित शाह
अमित शाह ने जनसभा की शुरुआत छठ मैया की स्तुति से करते हुए कहा मैं छठ मैया से यही प्रार्थना करता हूं कि बिहार की बहू-बेटियां हमेशा सुरक्षित रहें। मुझे लगा था कि छठ पर्व के बीच कौन आएगा, लेकिन पूरा पंडाल भरा हुआ है। यह बिहार के लोगों का आशीर्वाद है। उन्होंने कहा कि बिहार अब कभी भी जंगलराज के अंधकार में नहीं लौटेगा। शाह ने साफ कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास की नई ऊँचाइयाँ छुई हैं, और आने वाले वर्षों में यह गति और तेज होगी।
यह चुनाव विधायक या मुख्यमंत्री का नहीं, विकास की दिशा तय करने वाला है
अमित शाह ने कहा कि यह चुनाव किसी एक व्यक्ति को चुनने का नहीं, बल्कि बिहार की विकास यात्रा को तय करने वाला चुनाव है।
उन्होंने कहा लालू-राबड़ी की सरकार आई तो जंगलराज वापस आएगा, लेकिन एनडीए की सरकार बनी तो बिहार पूरे देश में विकास का मॉडल बनेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे विकास, सुरक्षा और रोजगार के लिए एनडीए के साथ खड़े हों।
महागठबंधन पर हमला —घोटालों के रिकॉर्ड वाले लोग साथ हैं
अमित शाह ने महागठबंधन पर तीखे शब्दों में हमला बोला। उन्होंने कहा कि लालू यादव ने ‘लैंड फॉर जॉब’ और ‘अलकतरा’ जैसे बड़े घोटाले किए, जबकि कांग्रेस के दस साल के शासन में भ्रष्टाचार ने देश को पीछे धकेला।
शाह ने कहा बिहार और केंद्र में घोटालों के रिकॉर्ड वाले लोग महागठबंधन में हैं। ये लोग विकास का बीड़ा कभी उठा ही नहीं सकते। इनके लिए सत्ता सिर्फ स्वार्थ का जरिया है।
एनडीए के नेतृत्व में बिहार का विकास संभव – शाह
अमित शाह ने कहा कि बिहार का भविष्य केवल नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार के गांवों तक सड़कें, बिजली, शौचालय और गैस कनेक्शन पहुँचाए हैं। अब लक्ष्य है रोजगार सृजन और उद्योग विकास। शाह ने कहा कि बिहार को एक बार फिर से एनडीए को मजबूत करना होगा, ताकि केंद्र और राज्य मिलकर बिहार को नई ऊँचाइयों पर पहुँचा सकें।
चुनावी माहौल गरमाया
खगड़िया की इस जनसभा में अमित शाह की जोशपूर्ण उपस्थिति और विपक्ष पर उनके तीखे हमलों ने बिहार की सियासत में नई गर्माहट भर दी है।
सभा में मौजूद लोगों ने मोदी और नीतीश के समर्थन में जमकर नारे लगाए। अमित शाह ने सभा के अंत में कहा बिहार के लोगों को तय करना है कि वे विकास के पथ पर चलेंगे या फिर से जंगलराज के अंधकार में लौटेंगे।
